वृंदावन: जेष्ठ पूर्णिमा पर 29 जून को होगा भगवान जगन्नाथ का महाअभिषेक, दर्शन के बाद 16 जुलाई तक अस्वस्थ रहेंगे प्रभु
- श्री जगन्नाथ मंदिर (ज्ञान गुदड़ी) में जुटेगा भक्तों का सैलाब,
- स्नान यात्रा के बाद गणेश रूप में दर्शन देकर विश्राम गृह जाएंगे भगवान
वृंदावन। ज्ञान गुदड़ी क्षेत्र स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर 29 जून को ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलभद्र और श्री सुभद्रा की भव्य 'स्नान यात्रा' पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित की जाएगी। यह अलौकिक धार्मिक अनुष्ठान जगन्नाथ घाट, ज्ञान गुदड़ी स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में शाम 5 बजे निर्धारित समय पर शुरू होगा।
सहस्र पत्र धाराओं से होगा महाअभिषेक
भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा जी का दिव्य महाअभिषेक किया जाएगा। इस महाअभिषेक में दूध, दही, घी, शक्कर, शहद के साथ-साथ सभी प्रकार की पवित्र नदियों के जल, विभिन्न औषधियों, जड़ी-बूटियों और एकादश (11) प्रकार के फलों के रसों की सहस्र पत्र धाराओं का उपयोग किया जाएगा।
ब्रह्म पुराण में वर्णित है महिमा: मिलती है सहज मुक्ति
इस पर्व के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया है कि इसका वर्णन 'श्री ब्रह्म पुराण' में मिलता है। ब्रह्माजी ने राजा इंद्रद्युम्न से कहा है कि जो भी प्राणी ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन भगवान जगन्नाथ के इस महाअभिषेक का दर्शन करता है, उसे पुनर्जन्म के चक्र से मुक्ति मिल जाती है अर्थात उसे सहज मुक्ति प्राप्त होती है।
स्नान के बाद अस्वस्थ होंगे प्रभु, 16 जुलाई को रथारूढ़ होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे
इस भव्य स्नान के बाद भगवान जगन्नाथ गणेश रूप धारण कर विश्राम गृह (अनासूर) में चले जाएंगे। इसके बाद भक्तों को उनके दर्शन नहीं हो सकेंगे। मान्यता है कि अत्यधिक स्नान के कारण भगवान अस्वस्थ (बीमार) हो जाते हैं। इस अवधि के दौरान स्कन्द पुराण के अनुसार पूरी विधि-विधान से प्रभु की सेवा-पूजा चलेगी। लंबे इंतजार के बाद 16 जुलाई को अरुणोदय बेला (भोर) में भगवान पुनः भक्तों को दर्शन देंगे। इसके बाद, इसी दिन शाम 5 बजे प्रभु रथारूढ़ होकर नगर भ्रमण (रथयात्रा) पर निकलेंगे, जहां श्रद्धालु सड़क पर आकर अपने आराध्य के दर्शन और अगवानी कर सकेंगे।



