देश में महंगाई का कारण केन्द्र को अर्थशास्त्र की समझ न होना: डॉ. सुब्रमण्यम स्वामी

  • Tuesday December 14 2021 - 12:07 AM
  •  

मथुरा। बीजेपी से राज्यसभा सदस्य सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई का कारण केन्द्र सरकार को अर्थ शास्त्र की समझ का ना होना है। उन्होंने कहा कि न केन्द्रीय वित्त मंत्री को अर्थ शास्त्र पता है न ही देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अर्थ शास्त्र पता है। न ही वह मुझसे इस बारे में सुझाव लेते हैं। लेकिन केन्द्र सरकार को गुमान हेै कि वह सब जानते हैं। 

यह बात उन्होंने मथुरा के समीप बरसाना में एक अस्पताल के भूमि पूजन के अवसर पर पत्रकार वार्ता के दौरान व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि देश में जो प्राइस राइज और विकास वृद्धि की दर है वह 2016 से ही घटती जा रही है। कोरोना ने उस गिरावट को और गति देदी है। इसके बावजूद केन्द्र सरकार को नही पता कि उन्हें इसे नियंत्रित करने के लिए क्या करना है।

अयोध्या में राम जन्मभूमि में राम मंदिर निर्माण के बाद मथुरा में कृष्ण जन्म भूमि को लेकर उनकी भूमिका के सवाल पर सुब्रहमण्यम स्वामी ने कहा कि तत्कालीन पीवी नरसिम्हा राव की सरकार में बिल पास हुआ था कि वर्ष 1947 में राम मंदिर और बाबरी मस्जिद को छोड़ कर जो भी उस समय खड़े थे, चाहे मस्जिद हो, मदिर हो या फिर चर्च हो उसको कोई तोड़ नहीं सकता। तो इसको हटाने के लिए सुनवाई बाकी है। जो कि संविधान के विरुद्ध है। इस मामले में सरकार को कारण बताओ नोटिस भेजा गया है। सरकार ने अभी जवाब नहीं दिया है।