वृंदावन में जयपुर मंदिर
दीपावली पर देवस्थान विभाग के मंदिरों में धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां तेज
मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोवर्धन, वाराणसी, हरिद्वार और दिल्ली के मंदिरों में होगी पंचपर्वा दीपावली
जयपुर/मथुरा। राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग द्वारा राज्य के बाहर मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोवर्धन, वाराणसी, हरिद्वार, उत्तरकाशी और दिल्ली में स्थित मंदिरों में दीपावली पर्व पर विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।
सहायक आयुक्त प्रियंका भट्ट ने बताया कि “राजस्थान सरकार का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि मंदिरों में श्रद्धा, स्वच्छता और सांस्कृतिक सौंदर्य का समन्वय स्थापित करना है। दीपावली पर मंदिरों में ऐसी व्यवस्था की जा रही है जिससे श्रद्धालु अध्यात्म और सौंदर्य दोनों का अनुभव कर सकें।” इस वर्ष विभागीय मंदिरों में “पंचपर्वा दीपावली उत्सव” के अंतर्गत भक्ति, स्वच्छता और सांस्कृतिक सौंदर्य का समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से विविध आयोजन किए जाएंगे।
मंदिरों में होगी स्वच्छता, सजावट और दीपोत्सव की भव्यता
सहायक आयुक्त (देवस्थान) प्रियंका भट्ट ने बताया कि दीपावली पर्व के दौरान सभी विभागीय मंदिरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत मंदिर प्रांगण, गर्भगृह, परिक्रमा क्षेत्र और श्रद्धालु मार्गों की संपूर्ण सफाई कर सुगंधित वातावरण और सौंदर्यपूर्ण सजावट सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि मंदिरों को दीपों और विद्युत लाइटिंग से आलोकित कर ज्योतिर्मय वातावरण बनाया जाएगा। दीपोत्सव के दिन श्रद्धालुओं की सहभागिता से सामूहिक दीप प्रज्वलन कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
भक्ति संध्या और महाआरती का आयोजन
दीपावली पर्व के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों में आकर्षक रंगोली प्रतियोगिता, दीपोत्सव और महाआरती, भक्ति संध्या, महाभोग और प्रसाद वितरण जैसे धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन शामिल रहेंगे। भक्ति संगीत और आरती से मंदिरों में भक्ति भाव का अद्भुत वातावरण निर्मित होगा।



