लियोनेल मेसी ने रचा इतिहास, अब महान पेले के रिकॉर्ड पर नजर
नई दिल्ली। फीफा वर्ल्ड कप 2022 में दुनिया के जानेमाने फुटबॉलर लियोनेल मेसी के दम पर अर्जेंटीना की टीम फाइनल में पहुंच गई है। सेमीफाइनल में अर्जेंटीना ने एकतरफा मुकाबले में क्रोएशिया को 3-0 से जीता। मेसी ने इस मुकाबले में शानदार गोल दागा। जिसको प्रंशसकों ने जमकर सराहा।
लियोनेल मेसी के करिश्माई प्रदर्शन के दम पर अर्जेंटीना की टीम फीफा वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल में पहुंच गई है। सेमीफाइनल में मेसी ने अर्जेंटीना के लिए पहला गोल दागा और इसके अलावा जूलियन अल्वारेज को गोल करने में मदद भी की. मेसी फीफा वर्ल्ड कप 2022 में अब तक 5 गोल कर चुके हैं।
लियोनेल मेसी ने इसके साथ ही अर्जेंटीना के महान खिलाड़ी ग्रेबियल बतिस्तुता का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मेसी फीफा वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल दागने वाले अर्जेंटीनाई प्लेयर बन गए हैं। बतिस्तुता के नाम वर्ल्ड कप में 10 गोल हैं जबकि मेसी के 11 हो चुके हैं। दिवंगत डिएगो मारडोना के नाम वर्ल्ड कप में 8 गोल हैं।
लियोनेल मेसी फीफा वर्ल्ड कप 2022 में गोल्डन बूट के दावेदार हैं। मेसी और फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एमबाप्पे के नाम 5-5 गोल दर्ज है। फाइनल में मेसी की टीम की भिड़ंत फ्रांस या मोरक्को से होगी. फ्रांस और मोरक्को के बीच फीफा वर्ल्ड कप का दूसरा सेमीफाइनल खेला जाएगा।
मेसी अपना पांचवां वर्ल्ड कप खेल रहे हैं। उन्होंने 25 मैचों में अब तक 11 गोल दागे हैं. उनके पास फाइनल में महान फुटबॉलर पेले का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है। पेले ने 14 मैचों में 12 गोल ठोके हैं।
फीफा वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल दागने का रिकॉर्ड जर्मनी के मिरास्लोव क्लोस के नाम हैं। उन्होंने 24 मैचों में 16 गोल दागा है। उनके बाद ब्राजील के रोनाल्डो का नंबर आता है जिनके नाम 19 मैचों में 15 गोल दर्ज है। तीसरे नंबर पर वेस्ट जर्मनी के गर्ड मूलर (14) और चौथे नंबर पर फ्रांस के जस्ट फोंटेन (13) हैं।
इंटरनेशनल फुटबॉल में सबसे ज्यादा गोल दागने का रिकॉर्ड क्रिस्टियानो रोनाल्डो का नाम है। रोनाल्डो 196 मैचों में 118 गोल दाग चुके हैं। उनके बाद ईराना के अली देई हैं जिन्होंने 148 मैचों में 109 बार यह कारनामा किया है। मेसी 171 मैचों में 96 गोल दाग चुके हैं।



