बृज की पारंपरिक होली की एक प्राचीन लीला यह भी, सखी ललिता के गांव में हुई सुरभि होली
- अबीर गुलाल में सराबोर होकर नाचे श्रद्धालु
- लठामार होली से पहले शुरु हुई थी सुरभि होली
बरसाना। सुरभि होली होत यहां रंगन की भरमार, आगे आगे ग्वाल पीछे पीछे ब्रजनार... यानि बृज की महिलाओं ने यह भाव आज से साढ़े पांच सौ साल पहले प्रकट किए। ब्रज के आचार्य श्रील नारायण भट्ट ने राधारानी की प्रधान सखी ललिताजी के निज गांव ऊँचागांव में सुरभि होली की परम्परा प्रारम्भ कराई थी। आज वहीं परम्परा जीवंत हुई। बुधवार को श्रील नारायण भट्ट की समाधी स्थल पर सुरभि होली का मंचन उनके वंशजों द्वारा किया गया। जिसमें अबीर गुलाल व रंग में सराबोर श्रद्धालु व ग्रामीण मद मस्त होकर नाचे बरसाना के समीपवर्ती ऊँचागांव में स्थित श्रील नारायण भट्ट की समाधी स्थल पर सुरभि होली का आयोजन किया गया। उनके समाधी स्थल पर गुलाल अर्पित कर होली प्रारम्भ की गयी। वहीं रसियाओं की थाप पर गुर्जर समाज के महिला व पुरुष लोकनृत्य कर रहे थे। इस दौरान उड़ाए जा रहे अबीर गुलाल में सराबोर होकर श्रद्धालु अपने आपको धन्य मान रहे थे।
इस प्राचीन सुरभि होली की परम्परा के बारे में जानकारी देते हुए ब्रजाचार्य पीठ के प्रवक्ता घनश्यामराज भट्ट ने बताया कि लठामार होली से पहले श्रील नारायण भट्ट ने सुरभि होली की शुरुआत कराई थी। मैं न न करती हार गयी, रंग डाल गयौ रसिया प्यारो। जब गोपियों के बार मना करने के बावजूद कृष्ण व उनके सखाओं ने उन पर रंग डाल दिया तो बदला लेने के लिए सखियां राधारानी के पास गयी और उनसे डंडा लेकर होली खेलने को कहा। उसी भाव को रखते हुए श्रील नारायण भट्ट ने बरसाना में लठामार होली शुरु कराई थी। बरसाना की होली से पहले कान्हा ने ललिता सहित अष्टसखियों के साथ ऊँचागांव में होली खेली थी। जिसका उल्लेख भट्टजी की रंग नाटक पुस्तिका में मिलता है। होली राधाकृष्ण के प्रेम का प्रतीक है।
क्यों कहते है सुरभि होली
बरसाना- जब कान्हा व उनके सखाओं ने ललिता व अष्टसखियों पर जबरन रंग डाल दिया था। तो एक ही सुर में सभी सखियों ने कान्हा से हास् परिहार करते हुए उसे सुनाया था। इसलिए इसे सुरभि होली कहते है। इस होली में कान्हा व उनके सखा जबरन अष्टसखियों को रंग में सराबोर कर देते है। जिसके बाद जब ललिता सहित अन्य सखियां कृष्ण को भी रंगने दौड़ती है तो कान्हा को पकड़ लेती है। इस दौरान सभी एक सुर में होकर होली के गीत गाते हुए कान्हा व उनके सखाओं को भी रंग से बिगाड़ देती है।



