Banke Bihari Mandir
Banke Bihari Mandir: ठाकुर बांकेबिहारी गर्भगृह से बाहर फूल बंगला में आज से 108 दिन देंगे दर्शन, दर्शनों का ये है समय
- गर्मी के दिनों में ठाकुरजी को शीतलता देने के लिए प्राकट्यकर्ता स्वामी हरिदास ने शुरू की थी परंपरा
- चैत्र मास शुक्ल पक्ष की एकादशी से हरियाली अमावस तक 108 दिन सजेंगे फूल बंगला
वृंदावन। जन-जन के आराध्य ठाकुर बांकेबिहारी महाराज को गर्मी का अहसास होने लगा है। ग्रीष्म ऋतु का प्रभाव बढ़ने लगा है। गर्मी में ब्रज का लाला यानी ठाकुर बांकेबिहारी महाराज परेशान न हो जाएं इसलिए, परंपरा के अनुसार चैत्र मास की शुक्ल पक्ष की एकादशी मंगलवार (आठ अप्रेल 2025) से ठाकुर के मंदिर में सुबह और शाम को फूल बंगला सजेगा। प्रकृति के प्रति सम्मान और प्रभु के प्रति श्रद्धा का प्रतीक फूल बंगला बांकेबिहारी महाराज को शीतलता प्रदान करेगा।
ठाकुर जी मंगलवार से मंदिर के गर्भ गृह से बाहर आकर जगमोहन (बरामदा) में विराज हेाकर दर्शन देंगे। फूल बंगला की रीति और दर्शन की ये प्रीत हरियाली तीज तक मंदिर के सेवायत गोस्वामी द्वारा निभाई जाएगी। रंग-बिरंगे विभिन्न किस्म के खूबसूरत फूलों की महक के बीच ठाकुर जी के दिव्य दर्शन करके श्रद्धालु भी आनंदित होंगे।
वृंदावन के उपवनों में कान्हा ने बाल्यावस्था में अपनी लीलाएं की थीं। इसलिए, वृंदावन में उनकी बाल रूप में सेवा की जाती है। ऋतु के अनुसार, ठाकुर जी की सेवा का विधि-विधान बदल जाता है। मंदिर के सेवायत आचार्य दिनेश गोस्वामी ने बताया कि कि स्वामी हरिदास ने ठाकुर बांकेबिहारीजी के लिए फूल बंगला की शुरुआत की थी। क्यों कि ठाकुर जी को लता-पता और कुंज बहुत ही प्रिय हैं। शीतलता प्रदान करने के लिए इसी को आज तक सेवायतों ने धर्म परंपरा के रूप में संजो रखा है।
ये है मान्यता
मान्यता के अनुसार, चौत्र मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी से ठाकुरजी के लिए फूल बंगला सजाने शुरू हो जाते हैं। इस बार ये एकादशी आठ अप्रैल मंगलवार को है। इसे कामदा एकादशी भी कहा जाता है। मंगलवार से ही बांकेबिहारी मंदिर में सुबह और शाम फूल बंगला सजने शुरू हो गए। अब से ठाकुर जी जगमोहन में विराजकर दर्शन देंगे। फूल बंगला और जगमोहन में दिव्य दर्शन का सिलसिला श्रावण मास की हरियाली तीज (24 जुलाई) तक चलेगा। केवल अक्षय तृतीया को फूलबंगला नहीं सजाया जाता। इस दिन ठाकुरजी गर्भगृह में चरण दर्शन देते हैं। ठाकुरजी के चरणों में इन दिनों चंदन का लड्डू अर्पित किया जाता है।
इसलिए बंगला बनने की तिथि हैं तय
मंदिर सेवायत आचार्य केडी गोस्वामी बताते हैं कि स्वामी हरिदास ने साढ़े पांच सौ साल पहले जब ठाकुर बांकेबिहारीजी का प्राकट्य किया, तो निधिवन की निकुंज में ही सेवा करते थे। उस समय गर्मी से राहत देने के कोई कृत्रिम उपाय न थे। इसलिए स्वामी हरिदास ने ही चैत्र मास की एकादशी जबकि सूर्य का तेज बरसना शुरू होता है, इसी दिन से फूलबंगला बनाकर ठाकुरजी को शीतलता प्रदान करना शुरू किया। स्वामीजी के समय केवल रायबेल से फूलबंगला सजाए जाते थे, जिससे शीतलता के साथ सुंदर महक भी मिलती थी। चूंकि सूरज के तेज में गिरावट होने के साथ हरियाली तीज को ठाकुरजी स्वर्ण-रजत हिंडोले में विराजते हैं, तो फूलबंगला सजना बंद हो जाता है।
ये है मंदिर के पट खुलने का समय
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में गीष्मकालीन दर्शन का समय सुबह 7.45 बजे से दोपहर 12 बजे और शाम को 5.30 बजे से रात 9 बजे तक का है।



