छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में पुलिस पर बड़ा नक्सली हमला, IED विस्फोट में 11 जवान शहीद

  • Wednesday April 26 2023 - 07:26 PM
  •  

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हो गई। माओवादियों ने पुलिस के वाहन को विस्फोट कर उड़ा दिया। इस मुठभेड़ में 11 जवान शहीद हो गए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। 

जानकारी के अनुसार दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस दल गश्ती पर निकला था, तभी पुलिस का सामना माओवादियों से हो गया। पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हो गई, इस दौरान माओवादियों ने आईईडी के जरिए पुलिस के वाहन को उड़ा दिया। इस मुठभेड़ में 11 जवान शहीद हो गए हैं। वहीं इस मुठभेड़ में नक्सली भी घायल हुए हैं।

बताया गया है कि बारिश के चलते कई पुलिस जवान फंस गए थे, जिन्हें लेने के लिए पुलिस का दल वाहन से गया हुआ था और इसी दौरान माओवादियों से उनकी मुठभेड़ हो गई।

मुख्यमंत्री बघेल ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया और कहा, दंतेवाड़ा के थाना अरनपुर क्षेत्र अंतर्गत माओवादी कैडर की उपस्थिति की सूचना पर नक्सल विरोधी अभियान के लिए पहुंचे डीआरजी बल पर आईईडी विस्फोट से हमारे 10 डीआरजी जवान एवं एक चालक के शहीद होने का समाचार बेहद दुखद है। उन्होंने आगे कहा, हम सब प्रदेशवासी उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उनके परिवारों के साथ दुरूख में हम सब साझेदार हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।