बृज में होली का आगाज: वृंदावन के मंदिरों में प्रभु संग भक्तों ने खेली होली
- बांकेबिहारी मंदिर में प्रभु ने दिए गुलचप्पे श्रृंगार के दर्शन
- आराध्य की एक झलक पाने को उमड़े भक्त
- प्रभु के भक्तिमय गुलाल से सराबोर हुए भक्त
वृंदावन। लोगों को रोमांचित एवं उल्लास से भर देने वाली बृज की होली की शुरुआत सुप्रसिद्ध बांकेबिहारी मंदिर में हुई। मंदिर में सर्वप्रथम अपने आराध्य को गुलाल सेवित किया और कमर में गुलाल का फैंटा बाधां। इसके बाद आराध्य का प्रसादी गुलाल गोस्वामियों ने श्रद्धालुओं पर बरसाया। मंदिरों में प्रभु दर्शन और भावमय आराधना के बीच भक्तों ने प्रभु के साथ गुलाल और चंदन की होली खेलकर भरपूर आनन्द लिया।
बसंत पंचमी से ब्रज की होली का भक्तिमय रंग नगर के मंदिरों में देखने को मिला। शनिवार प्रात: बांकेबिहारी मंदिर में प्रभु दर्शन के पट खुलते ही भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। ठा. बांकेबिहारी ने कई रंग के गुलाल के गुलचप्पे का श्रृंगार कर भक्तों को दर्शन दिए। श्रंगार आरती के साथ ही प्रभु के प्रसाद के रुप में सेवायत गोस्वामियों ने भक्तों पर जमकर गुलाल बरसाया। प्रभु भक्ति के रंग में रंगे भक्त गुलाल में इस कदर सराबोर हो गए कि वह अपनी सुधबुध भूल गए और बांकेबिहारी के जयकारों से मंदिर गूंजायमान हो गया।
गोस्वामियों ने बसंत के पद का गायन कर प्रभु को रिझाया। भक्तों का मनमयूर ब्रज की होली की पंरपरा को देख नृत्य करने लगा। ब्रज होली का यह आनन्द रंग देर शाम तक बरसता रहा। वहीं नगर के ठा. राधासनेह बिहारी मंदिर, ठा. राधावल्लभ मंदिर, एवं प्राचीन सप्तदेवालयों में भी गुलाल की होली खेली गई। भक्तों ने विभिन्न मंदिरों में जाकर अपने आराध्य के अनेक रुपों में दर्शन करने के साथ ब्रज की होली का भरपूर आनन्द लिया।
मंदिर के सेवायत अशोक गोस्वामी ने बताया कि बसंत पंचमी से बोंकेबिहारी मंदिर में गुलाल की होली की शुरुआत हो जाती है। होली पर्व तक सुबह शाह प्रभु भक्तों के साथ गुलाल की होली खेलेंगे। रंगभरनी एकादशी से टेसू के फूलों के गुनगुने रंग और रंग से होली खेली जाएगी। आज से ब्रज मंडल के मंदिरों में होली की शुरुआत हो गई है।



