विश्व प्रसिद्ध चारधामों में से एक भगवान बदरीविशाल
भक्ति और परंपरा के साथ खुले भगवान बदरीविशाल के कपाट
चमोली। विश्व प्रसिद्ध चारधामों में से एक, भगवान बदरीविशाल के कपाट गुरूवार को ग्रीष्मकाल के लिए श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। वैशाख शुक्ल सप्तमी के पावन अवसर पर, निर्धारित शुभ मुहूर्त प्रातः 6.15 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक अनुष्ठानों के साथ मंदिर के द्वार खोले गए। इस पावन बेला का साक्षी बनने के लिए हजारों की संख्या में भक्त धाम में मौजूद रहे।
शंकराचार्य के सानिध्य में संपन्न हुई द्वार पूजा
कपाट खुलने अवसर पर उत्तराम्नाय ज्योतिष पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामि अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती उपस्थित रहे। ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य के सानिध्य में द्वार पूजन संपन्न हुआ। 12 सितंबर 2022 को ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य पद पर प्रतिष्ठित होने के बाद, महाराज लगातार चौथी बार कपाट खुलने के अवसर पर मौजूद रहे हैं। शंकराचार्य ने कहा कि मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही सभी सनातन धर्मावलंबी अब अगले छह माह तक भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त कर सकते हैं। बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही उत्तराखंड की चारधाम यात्रा अब पूरी तरह से गति पकड़ चुकी है। प्रशासन और मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सुगम दर्शन के कड़े इंतजाम किए हैं।
इस आध्यात्मिक उत्सव के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मंदिर समिति के अध्यक्ष भी उपस्थित रहे। मंदिर के कपाट खुलने से पूर्व द्वार पूजन और पंचांग पूजन की प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके पश्चात रावलजी ने नर पूजा की जिम्मेदारी संभाली और भगवान के विग्रह को दर्शनों के लिए सुलभ किया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
धार्मिक आयोजन के दौरान कई प्रमुख संत और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से स्वामी सदाशिव ब्रह्मेन्द्रानंद सरस्वती, स्वामी प्रत्यक्चौतन्यमुकुंदानंद गिरि, स्वामी श्रीनिधिरव्यानंद सागर, स्वामी अप्रमेयशिवसाक्षात्कृतानंद गिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, विजय कपरवाण, डॉ. बृजेश सती, अशोक टोडरिया, आशुतोष डिमरी, भास्कर डिमरी, अनिल भारद्वाज, किरण जानी, देवानंद शुक्ल और देवेंद्र पाण्डेय।



