Go First ने 2 दिन के लिए सभी उड़ानें की कैंसल, DGCA ने दिया नोटिस
नई दिल्ली। एयरलाइंस की दुनिया में जानी- मानी कंपनी गो फर्स्ट (Go First) ने अपनी एयरलाइंस की सभी उड़ानों को 2 और 3 मई के लिए कैंसल कर दिया हैं। कंपनी ने इसके पीछे का कारण फ्लीट में आ रही दिक्कत और फंड की कमी बताया है। इसी के चलते कंपनी ने अगले दो दिनों के लिए नई बुकिंग रोक दी है। वहीं अब नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने गो फर्स्ट एयरलाइंस को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
इसे पहले गो फर्स्ट ने राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (NCLT) की दिल्ली पीठ में स्वैच्छिक दिवाला समाधान प्रक्रिया के लिए भी आवेदन किया है। कंपनी के प्रमुख कौशिक खोना ने कहा कि एयरलाइन को प्रैट एंड व्हिटनी (पीएंडडब्ल्यू) से इंजन की आपूर्ति नहीं मिलने की वजह से अपने बेड़े के आधे से अधिक यानी 28 विमानों को खड़ा करना पड़ा है। इसकी वजह से कंपनी के सामने नकदी का संकट पैदा हो गया। कंपनी प्रमुख खोना ने आगे कहा, ‘दिवाला समाधान के लिए आवेदन करना एक दुर्भाग्यपूर्ण फैसला है, लेकिन कंपनी के हितों के संरक्षण के लिए ऐसा करना जरूरी था।’



