हरियाली तीज पर श्रीबांकेबिहारी मंदिर के समय में हुआ बड़ा बदलाव, 4 घंटे अधिक समय देंगे आराध्य दर्शन

  • Saturday July 26 2025 - 10:35 AM
  •  

  • मंदिर सुबह के समय 7.45 से दोपहर 2.00 बजे तक 
  • शाम को 5.00 बजे से रात 11.00 बजे तक दर्शन 

वृंदावन। श्रीबांकेबिहारी मंदिर में 27 जुलाई को हरियाली तीज उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। ठाकुर बांकेबिहारी विशाल स्वर्ण हिंडोल में विराजमान होकर सामान्य दिनों से चार घंटे अधिक समय तक श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मंदिर प्रशासक एवं सिविल जज जूनियर डिवीजन ने समय सारिणी में बदलाव किया है। सुबह और शाम के दर्शन का समय आम श्रृद्धालुओं के लिए चार घंटे बढ़ाया है। वहीं मंदिर प्रबंधन ने भी इस दिन लोगों से अपील की है कि इस दिन काफी भीड़ होती है, इसलिए भीड़ का आंकलन करने के बाद ही वृंदावन आएं और भीड़ में न आएं।

श्री बांके बिहारी मंदिर सामान्य तौर पर गर्मियों में आम भक्तों के लिए सुबह 7.45 बजे से 11. 55 पर बंद होता है। वहीं शाम को 5.30 बजे से 9.25 बजे तक खुलता है, लेकिन श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासक ने हरियाली तीज के अवसर पर 27 जुलाई को मंदिर के समय में बड़ा बदलाव किया है। मंदिर सुबह के समय 7.45 से दोपहर 2.00 बजे तक आम भक्तों के लिए मंदिर के पट खुलेंगे। वहीं शाम को 5.00 बजे से रात 11.00 बजे तक दर्शन होंगे। 

ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में ठाकुरजी सुबह और शाम के समय सोने, चांदी के हिंडोले में गर्भगृह से बाहर चौक में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। इस तरह के विशेष दर्शन वर्ष में एक बार होते हैं। 

बांकेबिहारी मंदिर प्रबंधन ने भक्तों से अपील की है कि इस दिन मंदिर में काफी भीड़ होती है। इस दिन न आएं तो बेहतर होगा, लेकिन आ रहे हैं तो सभी नियमों को पालन करें। तय पार्किंग पर वाहनों को खड़ा करें। मंदिर में प्रवेश के लिए की गई वन वे व्यवस्था का पालन करें और तय स्थानों पर ही अपने जूते-चप्पल रखें। इसके साथ ही बच्चे, बुजुर्ग और बीमार व्यक्ति को मंदिर न लाएं। घर से वृंदावन आने से पहले वृंदावन और ठाकुर बाकबिहारी मंदिर में भीड़ का आंकलन करने के बाद ही आएं। 

हरियाली तीज के दर्शन की समय सारिणी

प्रातःकालीन सेवा

दर्शन खुलने का समय - सुबह 7.45

श्रृंगार आरती  - 7.55 बजे 

राजभाग सेवा से - 8 बजे

राजभोग आरती - दोपहर 1.55 बजे

दर्शन बंद होने का समय - दोपहर 2 बजे 

सायंकालीन सेवा

मंदिर के पट खुलने का समय -शाम 5 बजे

शयन आरती - रात्रि 10.55 बजे 

दर्शन बंद होने का समय रात्रि 11.00 बजे