वृंदावन: धूमधाम से मनाया गया हितोत्सव, श्रीहित हरिवंश महाप्रभु की भव्य शोभायात्रा में उमड़े भक्त

  • Monday April 27 2026 - 09:43 PM
  •  

वृंदावन। धर्मनगरी वृंदावन में आराध्य श्रीराधावल्लभ लाल के अनन्य भक्त और राधावल्लभ संप्रदाय के प्रवर्तक श्रीहित हरिवंश महाप्रभु का पावन 'हितोत्सव' हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा (सवारी) निकाली गई और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ।

भक्तिमय मार्गों से गुजरी शोभायात्रा

हितोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य सवारी अठखंबा स्थित बड़ी सरकार स्थल से प्रारंभ हुई। यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों—वनखंडी, प्रताप बाजार, रेतिया बाजार और लोई बाजार से होती हुई गोविंद घाट स्थित बड़ा रास मंडल पर जाकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग 'हित हरिवंश' के जयकारों से गुंजायमान रहा। गोस्वामी ने बताया कि: "भगवान श्रीकृष्ण की वंशी के अवतार माने जाने वाले श्रीहित हरिवंश महाप्रभु को 'हित सजनी' के नाम से भी जाना जाता है। उनकी भक्ति और दर्शन साक्षात प्रेम का स्वरूप है।"

श्रीराधवल्लभ मंदिर में समाज गायन करते गोस्वामीजन। फोटोः सोशल मीडिया

 

मंदिर में अभिषेक और फूल बंगला दर्शन

शोभायात्रा से पूर्व श्रीराधावल्लभ मंदिर में बधाई समाज गायन और प्रभु का अभिषेक किया गया। संध्या काल में ठाकुर राधावल्लभ लाल को भव्य फूल बंगला में विराजमान किया गया। ठाकुर जी के इस मनोहारी स्वरूप के दर्शन पाने के लिए देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

समाज गायन और आरती का आयोजन

जब प्रिया-प्रियतम के स्वरूप बड़े रास मंडल पहुंचे, तो वहां वाणी साधक राकेश मुखिया की अध्यक्षता में परंपरागत 'समाज गायन' का आयोजन किया गया। इसके पश्चात, बड़े रास मंडल के महंत लाडली शरण महाराज ने भगवान प्रिया-प्रियतम और हित सजनी के स्वरूपों की विधि-विधान से आरती उतारी।

आकर्षण का केंद्र रहा पुष्पों से सजा डोला

शोभायात्रा में श्रीहित हरिवंश महाप्रभु सांस्कृतिक संस्थान द्वारा सजाया गया 'श्रीहित हरिवंश महाप्रभु' और 'हरिवंश' नाम का पुष्प बंगला (डोला) विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस सवारी में ब्रज के स्थानीय भक्तों के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा और राजस्थान से आई संकीर्तन मंडलियों ने अपनी प्रस्तुतियों से वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय कर दिया।

गोस्वामियों की गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर चिन्मय गोस्वामी, योगेंद्र वल्लभ गोस्वामी, यादवेंद्र वल्लभ गोस्वामी, विष्णु वल्लभ गोस्वामी, मनमोहन गोस्वामी, संजीव गोस्वामी और सुनील गोस्वामी सहित अनेक गोस्वामी समाज के लोग उपस्थित रहे।