संत प्रेमानंद महाराज के श्रीकृष्ण शरणम स्थित फ्लैट में लगी आग, मची अफरातफरी

  • Monday January 12 2026 - 12:20 AM
  •  

  • छटीकरा मार्ग पर देर रात आग की घटना, फ्लैट का सामान जलकर हुआ खाक
  • संत प्रेमानंद महाराज एक माह से अधिक समय से आश्रम में रह रहे हैं

वृंदावन। छटीकरा मार्ग स्थित श्रीकृष्ण शरणम सोसायटी में शनिवार देर रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब संत प्रेमानंद महाराज के फ्लैट में अचानक आग लग गई। आग की लपटें और घना धुआं उठता देख सोसायटी के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय निवासियों की मदद से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग की चपेट में आकर फ्लैट में रखा सामान जल गया।

आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम प्रशासन की ओर से आग लगने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा रही है, लेकिन सोसायटी में रहने वाले पड़ोसियों ने घटना की पुष्टि की है।

शनिवार देर रात छटीकरा मार्ग स्थित श्रीकृष्ण शरणम सोसायटी के फ्लैट संख्या 212 में, जो संत प्रेमानंद महाराज का आवास बताया जा रहा है, अचानक आग लग गई। आग की जानकारी सबसे पहले आसपास रहने वाले लोगों को तब हुई, जब प्लास्टिक जलने की तेज दुर्गंध आने लगी। दुर्गंध महसूस होते ही लोगों ने आग लगने की आशंका के चलते अपने-अपने फ्लैट से बाहर निकलकर देखा, तो पाया कि संत प्रेमानंद महाराज के फ्लैट से तेज धुआं उठ रहा है और आग की लपटें बाहर की ओर दिखाई दे रही हैं।

आग लगते ही सोसायटी के लोगों ने तत्काल सबमर्सिबल चलाकर और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग की सूचना पर सीओ सदर पीपी सिंह एवं कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं दमकल विभाग की दो गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं।

संत प्रेमानंद महाराज के पड़ोस में रहने वाले चेतन लवानिया ने बताया कि जिस फ्लैट में संत प्रेमानंद महाराज पहले रहते थे, उसमें अचानक आग लग गई। प्लास्टिक जलने की दुर्गंध आने पर आग की जानकारी हुई। उन्होंने बताया कि संत प्रेमानंद महाराज पिछले एक माह से अधिक समय से इस फ्लैट में निवास नहीं कर रहे हैं और वर्तमान में वह अपने आश्रम श्रीराधाकेली कुंज में रह रहे हैं।

कांग्रेस नेता एवं पूर्व सभासद तुलसी स्वामी ने आरोप लगाया कि सोसायटी की चौथी मंजिल पर रहने वाले चेतन लवानिया के फोन कॉल पर वह बचाव के लिए मौके पर पहुंचे थे, लेकिन वहां संत के सेवादारों द्वारा उनके साथ अभद्रता की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सेवादारों ने न केवल स्थानीय लोगों बल्कि पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की।

इस संबंध में सीओ सदर पीपी सिंह ने बताया कि संत प्रेमानंद महाराज के फ्लैट में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। फ्लैट में रखा घरेलू सामान जल गया है। आग से हुए नुकसान का आकलन फिलहाल नहीं किया जा सका है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान में संत प्रेमानंद महाराज रमणरेती स्थित श्रीराधाकेली कुंज आश्रम में निवास कर रहे हैं।