अलंकार अग्निहोत्री ने नौकरशाही छोड़ राजनीति में रखा कदम, वृंदावन से ‘राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (Ram)’ पार्टी की घोषणा

  • Tuesday February 24 2026 - 01:37 PM
  •  

  • बोले- देश में जनतंत्र खत्म हो चुका, देशवासियों की राजनीतिक पटल पर बनेंगे आवाज

वृंदावन। प्रदेश के चर्चित पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने श्रीबांकेबिहारी की धरती से राजनीति के मैदान में अपनी नई पारी का आगाज़ कर दिया है। सोमवार को उन्होंने औपचारिक रूप से नई राजनीतिक पार्टी राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (Ram) की घोषणा की है।

यूजीसी के नए नियमों के विरोध में बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा देने के बाद सुर्खियों में आए अलंकार अग्निहोत्री सोमवार को गोधूलि पुरम स्थित श्रीहरिदास धाम पहुंचे। यहां विप्रों ने उनका श्रीबांकेबिहारी की प्रसादी मुरली और फरसा देकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का नाम राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (Ram) है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी का विजन भगवान राम और भगवान कृष्ण दोनों का समावेश होगा।

उन्होंने कहा कि देश में जनतंत्र खत्म हो चुका है। जनता की आवाज को न तो संसद में और ना ही विधानसभा में रखने वाला कोई है। यूजीसी रेगुलेशन 2026 सोची-समझी साजिश के तहत देश में लाया गया। एससी-एसटी एक्ट कानून लाकर देश की सनातनी जनता, जिसमें सामान्य एवं ओबीसी वर्ग शामिल हैं, के साथ अत्याचार किया गया। जब जनतंत्र खत्म हुआ तो जनता को सामने आकर राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित करना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में जो कोर वोटर था, जो भाजपा को अपना समझता था, वह भाजपा अब विदेशी जनता पार्टी में परिवर्तित हो गई है। यही कारण है कि उनका कोर वोटर सामान्य वर्ग एवं ओबीसी वर्ग छिटक चुका है। उनके अधिकारों की बात को लेकर चलते हुए उन्हें राजनीतिक विकल्प के रूप में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के रूप में लाया गया है।

अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि भारतीय संविधान के मूल अधिकारों की परिकल्पना में भगवान श्रीराम हैं और संविधान में जो नीति निर्देशक तत्व हैं, उनमें भगवान श्रीकृष्ण हैं, जो बताते हैं कि किस तरह से जनता की सेवा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में वह भारतीय चुनाव आयोग के समक्ष मान्यता के लिए आवेदन करेंगे और आशा है कि बिना किसी रुकावट एवं लोकतंत्र की हत्या किए हुए जल्द ही राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा को मान्यता दी जाएगी। यदि किसी कारणवश मान्यता नहीं दी जाती है तो माना जाएगा कि पूरे देश के लोकतंत्र की हत्या करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर ब्राह्मण सेवा संघ के संस्थापक चंद्रलाल शर्मा, अध्यक्ष आनंद बल्लभ गोस्वामी, नीरज गौड़, जितेंद्र शास्त्री, जितेंद्र राणा, विवेक महाजन और अविनाश शर्मा आदि उपस्थित रहे।