वृंदावन में श्रीबांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में मकान का छज्जा गिरा, पांच श्रद्धालुओं की मौत

  • Thursday August 17 2023 - 12:52 AM
  •  

  •  स्वतंत्रता दिवस की शाम बांके बिहारी मंदिर से महज 200 मीटर की दूरी पर हुआ दर्दनाक हादसा
  •  संकरी गली में नहीं पहुंच पाई एंबुलेंस, ई-रिक्शे में ले जाए गए शव

मथुरा। उप्र के मथुरा जिले के वृंदावन में श्रीबांके बिहारी के दर्शन को आए पांच श्रद्धालुओं की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। मंदिर से महज 200 मीटर पहले एक जर्जर मकान का छज्जा बारिश के चलते ढह गया। इसके मलबे में दबने से पांच की मौत हो गई। वहीं, पांच लोग घायल हैं। मरने वालों में तीन कानपुर, एक देवरिया और एक वृंदावन की स्थानीय महिला है। पुलिस-प्रशासन की टीम राहत-बचाव के कार्य में जुटी है। घायलों को सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा 16 अगस्त यानी मंगलवार की शाम करीब 5.30 बजे हुआ। स्वतंत्रता दिवस का अवकाश होने के चलते बाहरी देशभर से श्रद्धालुओं की यहां भारी संख्या में भीड़ पहुंची थी। इधर, काफी देर से बारिश भी हो रही थी। श्रीबांके बिहारी मंदिर से 200 मीटर पहले दुसायत मोहल्ला (स्नेह बिहारी मंदिर के पास) वृंदावन निवासी विष्णु शर्मा बाग वाला का वर्षों पुराना दो मंजिला मकान है। यह मकान हाल में आई यमुना में बाढ़ की वजह और पहले से जर्जर होने की वजह से गिरासू हालत में खड़ा था। मंगलवार को आई बारिश ने  मकान के ऊपरी माले पर बना छज्जे और छत की बाउंड्रीवाल को गिरा दिया। इसके नीचे खड़ी 50 वर्षीय गीता कश्यप पत्नी एसएन कश्यप निवासी जरौली फेस-2, कानपुर, अरविंद कुमार यादव (35) पुत्र बम्बुराहिया कालोनी, कानपुर नगर, रश्मि गुप्ता (40) पत्नी जितेंद्र गुप्ता जरौली फेस-2, कानपुर नगर, अंजू मुगई (50) पत्नी संदीप निवासी कृष्णा अपार्टमेंट, ओमेक्स, वृंदावन, चंदन राय (30) पुत्र हरेंद्र राय निवासी भगवानपुर, देवरिया की मौत हो गई। इनके अलावा 14 वर्षीय खुशीपाल पुत्र मनोज निवासी फरिया, फिरोजाबाद, 30 वर्षीय अनामिका पत्नी राहुल निवासी जरौली फेस-2, कानपुर, अकांक्षा मुगई (25) पुत्री संदीप निवासी कृष्णा अपार्टमेंट, ओमेक्स, वृंदावन, पंकज मारवा (49) पुत्र नरेंद्र कुमार मारवा निवासी अशोका इंक्लेव, फरीदाबाद शामिल हैं।

कुंज गलिया होने के चलते नहीं पहुंची समय से राहत

यह हादसा दुसायत मोहल्ले में हुआ, जो कि कुंज गली है। यहां राहत-बचाव के के लिए पुलिस-प्रशासन की टीम श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते जल्दी नहीं पहुंच सकी। स्थानीय लोगों ने खुद ही मलबे को हटाया और आनन-फानन में ई-रिक्शा से घायलों और मृतकों को अस्पताल भेजा। यहां घायलों को उपचार दिया गया। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया।

चेताने के बाद नहीं किए जर्जर मकान चिन्हित, अब जिम्मेदार कौन

यमुना में आई बाढ़ के बाद खादर इलाके के मकानों सहित वृंदावन के मकानों में पानी भर गया था। यहां के मकान दशकों पुराने हैं। ऐसे में नगर निगम को कई बार स्थानीय लोगों ने चेताया था। खादर इलाके के मकानों की तो दीवारें भी फट गई हैं। मगर, नगर निगम व प्रशासन ने स्थानीय लोगों की बातों पर ध्यान नहीं दिया। इसके चलते इतना बड़ा हादसा हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर, नगर निगम ने समय रहते जर्जर मकानों को चिन्हित कर उनको दुरुस्त कराया होता या खुद ही गिरवा दिया होता तो आज यह हादसा न होता।

वृंदावन में आखिर वही हुआ जिसका था डर

वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर से महज 200 मीटर की दूरी पर स्वतंत्रता दिवस की शाम को जर्जर मकान का छज्जा गिरने से हुए हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, पांच घायल हैं। इस हादसे के बाद एक बार फिर से जिला प्रशासन और पुलिस के साथ ही अन्य जिम्मेदार विभागों पर सवाल खड़े हो गए हैं कि आखिरी लाखों लोगों की यहां रोज की आवाजाही है। इसके बाद भी इंतजामों को दुरुस्त  क्यों नहीं किया जाता है। जन्माष्टमी से पूर्व अधिकमास और सावन माह में जुटने वाली भीड़ को लेकर पहले से ही कई बार शासन ने स्थानीय प्रशासन को अगाह भी किया था। इसके बाद भी कोई सुध नहीं ली गई।

 मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा

मथुरा। उप्र के मथुरा जिले के वृंदावन में श्रीबांके बिहारी मंदिर से महज 200 मीटर की दूरी पर एक जर्जर मकान का छज्जा और छत की बाउंड्रीवाल ढहने से उसके मलबे में दबकर पांच श्रद्धालुओं की मौत की घटना पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने शोक संवेदना जाहिर की है। साथ ही मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये बतौर मुआवजा देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों के निशुल्क उपचार की भी घोषणा की है। मगर, मंगलवार देर रात तक इस हादसे के पीछे कारण जानने और लापरवाहों के चेहरे सामने लाने के लिए जांच की कोई घोषणा नहीं हुई है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया है ''शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदनाएं हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।

डीएम पुलकित खरे ने बताया कि

 मुख्यमंत्री की ओर से दुखद घटना का संज्ञान लेते हुए सभी मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की सहायता धनराशि एवं सभी घायलों का नि:शुल्क इलाज की घोषणा की गई है।