श्रीबांकेबिहारी शरण में खाद्य मंत्री मनोज पांडे
श्रीबांकेबिहारी शरण में खाद्य मंत्री मनोज पांडे, राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर बोले: SIT जांच रिपोर्ट आते ही होगी बड़ी कार्रवाई
वृंदावन। उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने शुक्रवार को सपरिवार ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन-पूजन किए। उन्होंने विधि-विधान से ठाकुर जी की आराधना कर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। मंदिर में दर्शन करने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए कैबिनेट मंत्री ने केंद्र सरकार की सराहना की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के सफल कार्यकाल को देश के गरीब, शोषित और युवाओं के कल्याण के लिए पूरी तरह समर्पित बताया।
इस दौरान अयोध्या के प्रसिद्ध राम मंदिर में भक्तों द्वारा चढ़ाए गए चढ़ावे में हुई चोरी और घोटाले के आरोपों पर बात करते हुए खाद्य मंत्री ने सरकार का रुख साफ किया। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए विशेष जांच दल यानी एसआईटी (SIT) का गठन किया जा चुका है।
उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि जैसे ही एसआईटी की जांच रिपोर्ट सामने आएगी, उत्तर प्रदेश सरकार दोषियों के खिलाफ बेहद कड़ी विधिक और दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन और पत्रकारों से वार्ता के बाद कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय मथुरा में आयोजित ब्रज प्रेस क्लब के एक स्थानीय कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए रवाना हो गए।



