जब गोस्वामी लाड़ले बांकेबिहारी का घर के बने फुलका और पराठे का लगाते थे भोग
- 50 साल पहले कुछ ही सैकड़ा आते थे श्रद्धालु
- सावन में मारवाड़ी और फाल्गुन में पंजाबी श्रद्धालु आते थे दर्शन को
वृन्दावन। बांकेबिहारी मंदिर में आज से पचास साल पहले जब कुछ ही संख्या में दर्शन के लिए श्रद्धालु आते थे। उस समय सेवायत गोस्वामी अपने आराध्य के लिए घर का बना भोग मंदिर में थाल सजाकर लाते और सेवित करते। उस परंपरा का निर्वाह श्री़कृष्ण जन्माष्टमी की रात को विशेष भोग के रूप में किया जाएगा।
मंदिर के सेवायत दिनेश गोस्वामी ने बताया कि 50 साल पहले जन-जन के आराध्य की भोग सेवा अलग थी। जिस राजभोग और शयन भोग सेवायत गोस्वामी की सेवा का दिन होता था वह सुबह और शाम एवं रात का भोग घर से बनाकर थाल सजाकर मंदिर में ठाकुरजी के लिए लाता था। सुबह के समय कच्चा भोग लगता था। गोस्वामी परिवार घर में फुलका, कढ़ी, चावल, एक सब्जी, चटनी, पापड़ का भोग लगाते थे। शाम के समय पराठे, दूध भात, पूड़ी, कचौड़ा, दो प्रकार की सब्जी, रायता का भोग लगाया जाता था। रात्रि दूध और लड़ुआ का भोग लगाया जाता था। उस समय मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ नहीं होती थी। वर्ष के सावन में मारवाड़ी और फाल्गुन माह में पंजाबी श्रद्धालु कुछ ही सैकड़ा में आते थे। लेकिन पिछले पचास साल से कोलकाता के मारवाड़ी हरगुलाल बेरिवाला परिवार द्वारा चार प्रहर की भोग सेवा की जा रही है।
मंदिर के सेवायत आनंद गोस्वामी ने कहा कि मारवाड़ी भक्त द्वारा मोहन भोग, राजभोग, संध्या भोग और उत्थापन भोग सेवा की जा रही है। इसके अलावा मंदिर प्रबंधन द्वारा भी राजभोग और शयन भोग सेवा की व्यवस्था की जा रही है।



