श्रीबांकेबिहारी मंदिर के गर्भगृह के मुख्य द्वार पर 10.5 किलो चांदी की देहरी स्थापित
श्रीबांकेबिहारी मंदिर के गर्भगृह के मुख्य द्वार पर 10.5 किलो चांदी की देहरी स्थापित
वृंदावन। श्रीबांकेबिहारी मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का एक और अद्भुत उदाहरण देखने को मिला है। मंदिर के एक भक्त ने अपने आराध्य श्रीबांकेबिहारी महाराज को साढ़े दस किलो वजनी चांदी की देहरी अर्पित की है। मंदिर प्रबंधन एवं हाई पावर्ड प्रबंध कमेटी की देखरेख में यह देहरी गुरुवार देर रात गर्भगृह के मुख्य द्वार पर विधिवत रूप से स्थापित की गई।
शयन आरती के बाद हुआ देहरी स्थापना कार्य
गुरुवार रात शयन आरती के बाद मंदिर के पट बंद होने पर ठाकुर श्रीबांकेबिहारी महाराज को गर्भगृह से चंदन कोठरी में विराजमान कराया गया। इसके पश्चात गर्भगृह के मुख्य द्वार की चौखट पर भक्त द्वारा अर्पित चांदी की देहरी स्थापित की गई। यह कार्य मंदिर की हाई पावर्ड प्रबंध कमेटी के सदस्य की देखरेख में सचिन सर्राफ द्वारा संपन्न कराया गया।
सेवायत की सहमति के बाद कमेटी को दी गई सूचना
मंदिर के सेवायत शरद गोस्वामी के यजमान ने आराध्य बांकेबिहारी महाराज की चौखट के लिए चांदी की देहरी अर्पित करने की इच्छा जताई थी। सेवायत गोस्वामी द्वारा इसे स्वीकार करने के बाद मंदिर की हाई पावर्ड प्रबंध कमेटी को इसकी जानकारी दी गई, जिसके बाद स्थापना की प्रक्रिया पूरी की गई।
वसंत पंचमी पर होगा विशेष पूजन
श्रीबांकेबिहारी मंदिर हाई पावर्ड कमेटी के सदस्य एवं सेवायत दिनेश गोस्वामी ने बताया कि यह देहरी लगभग साढ़े दस किलो चांदी से निर्मित है और इसे गर्भगृह के मुख्य द्वार पर स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि बसंत पंचमी के अवसर पर प्रातः साढ़े आठ बजे मंदिर की हाई पावर्ड कमेटी एवं सेवायत गोस्वामियों द्वारा इसका विधिवत पूजन किया जाएगा।
करीब 20 वर्षों तक सुरक्षित रहेगी देहरी
दिनेश गोस्वामी के अनुसार, चांदी की यह देहरी मजबूत और टिकाऊ है, जो लगभग 20 वर्षों तक सुरक्षित रहेगी। इस दान से न केवल मंदिर की भव्यता में वृद्धि हुई है, बल्कि भक्तों की आस्था और समर्पण का भी अनुपम उदाहरण सामने आया है।



