भारत मदर ऑफ डेमोक्रेसी, हमारे लिए पूरी दुनिया एक परिवार: मोदी

  • Wednesday May 24 2023 - 01:28 PM
  •  

सिडनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सिडनी के कुडोस बैंक एरिना में भारतीय मूल के 20 हजार से ज्यादा लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत मदर ऑफ डेमोक्रेसी है। हमारे लिए पूरी दुनिया एक परिवार है। भारत-ऑस्ट्रेलिया का रिश्ता भरोसे और सम्मान पर टिका है।

पीएम मोदी ने कहा- मैंने पिछले दौरे के वक्त 2014 में वादा किया था कि ऑस्ट्रेलिया को फिर किसी भारतीय PM के लिए 28 साल इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के PM अल्बनीज ने मोदी की तारीफ करते हुए कहा- ‘मोदी इज द बॉस’। पहली बार यहां ऑस्ट्रेलिया में किसी प्रधानमंत्री का इतना भव्य स्वागत हुआ है। PM मोदी मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं। हम दोनों देश के लोकतांत्रिक मूल्यों के आधार पर रिश्तों को और मजबूत करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के संबंधों पर कहा, “एक समय था जब हमारे संबंधों को 3C (कॉमनवेल्थ, क्रिकेट, करी), 3D (डेमोक्रेसी, डायसपोरा, दोस्ती) और 3E (एनर्जी, इकोनॉमी, एजुकेशन) पर आधारित बताया जाता था। मगर अब इन संबंधों का आधार आपसी विश्वास और सम्मान है। हिंद महासागर हमें आपस में जोड़ता है। हमारे यहां त्योहार भले ही अलग-अलग मनाए जाते हैं, लेकिन फिर भी हम दिवाली की रौनक और बैसाखी जैसे त्योहारों से जुड़े हुए हैं। हैरिस पार्क कई लोगों के लिए हरीश पार्क हो जाता है। सिडनी के पास भी लखनऊ नाम की एक जगह है। ऑस्ट्रेलिया में कश्मीर, मालाबार जैसी स्ट्रीट्स से भारत की झलक दिखती है। भारत के पास सामर्थ्य और संसाधनों की कोई कमी नहीं है। दुनिया की सबसे बड़ी और युवा टैलेंट फैक्ट्री भारत के पास है। भारतीय कहीं भी रहे, उनमें एक मानवीय स्वभाव मौजूद रहता है। भारत हर संकट में मदद और समाधान के लिए तैयार रहता है। भारत अपने हितों को सबके हितों से जोड़कर देखता है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप लगातार बढ़ रही है। जल्द ही दोनों देशों के बीच ट्रेड दोगुना हो जाएगा।

पीएम मोदी ने भाषण में कई अहम घोषणाएं भी की हैं। उन्होंने बताया कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एक-दूसरे की डिग्रियों को मान्यता देने पर बातचीत आगे बढ़ी है। इसका दोनों देशों के स्टूडेंट्स को फायदा मिलेगा। वहीं, ब्रिसबेन में भारत का नया कॉन्सुलेट खोला जाएगा।

भारतीय मूल के लोगों से PM ने कहा- विदेश में रहते हुए भी अपनी जड़ों से जुड़े रहें। आप वहां भारत के एम्बेसडर हैं। मैं आपसे मांग कर रहा हूं कि आप जब भी भारत आएं अपने साथ ऑस्ट्रेलियाई परिवारों को भी लाएं। इससे उन्हें भारत की संस्कृति को समझने का मौका मिलेगा।

इस प्रोग्राम के लिए गाड़ियों और प्राइवेट चार्टर से लोगों को सिडनी लाया गया, जिसे मोदी एयरवेज और मोदी एक्सप्रेस नाम दिया गया। पीएम के संबोधन से पहले ओलिंपिक पार्क में कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। ऑस्ट्रेलिया में मोदी की मौजूदगी में हैरिस पार्क इलाके का नाम बदलकर ‘लिटिल इंडिया’ किया गया।

मोदी ने मंगलवार सुबह ऑस्ट्रेलिया में कई कंपनियों के CEOs से बात की। इनमें ऑस्ट्रेलिया सुपर के CEO पॉल श्रोडर, फोर्टेस्क्यु फ्यूचर इंडस्ट्रीज क एग्जीक्यूटिव चेयरमैन डॉ. एंड्रयू फॉरेस्ट और हैनकॉक प्रोस्पेक्टिंग की एग्जीक्यूटिव चेयरमैन जीना रिनेहार्ट शामिल रहीं। PM मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई उद्योगपतियों को भारत में निवेश के लिए आमंत्रित किया। मोदी ने कहा- मैं ऐसा इंसान नहीं हूं कि जो आसानी से संतुष्ट हो जाए, और में जानता हूं कि ऑस्ट्रेलियाई PM अल्बनीज भी ऐसे ही हैं। मुझे यकीन है कि जब हम सिडनी में मिलेंगे तो इस पर चर्चा होगी कि हम अपने रिश्तों को अलग स्तर पर कैसे ले जा सकते हैं, साथ मिलकर बेहतर काम कैसे कर सकते हैं और सहयोग को कैसे बढ़ा सकते हैं।

इंटरव्यू के दौरान PM मोदी ने कहा- भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मजबूत रिश्ते और भरोसा ही दोनों देशों को डिफेंस और सिक्योरिटी के क्षेत्र में बेहतर साझेदारी के लिए प्रेरित करता है। हम अच्छे दोस्त हैं और इसी वजह से हर मुद्दे पर खुलकर बातचीत कर पाते हैं। ऑस्ट्रेलिया अलग-अलग मुद्दों पर भारत के पक्ष को समझता है और यही दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों की नींव है।

PM मोदी ने AUKUS के तहत अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुई सबमरीन डील पर कोई टिप्पणी नहीं की। PM ने कहा- ये उनका फैसला है। उन्होंने हमें डील और उसके पीछे के मकसद के बारे में जानकारी दी है।

प्रधानमंत्री मोदी भारतीय समय के मुताबिक 22 मई की दोपहर सिडनी पहुंचे। यहां उन्होंने एयरपोर्ट के बाहर भारतीय मूल के लोगों से मुलाकात की। मोदी 24 मई को ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंटनी एल्बनीज के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों को लेकर बातचीत करेंगे। मोदी यहां ऑस्ट्रेलिया के गवर्नर जनरल डेविड जॉन हर्ले से भी मुलाकात करेंगे। 25 मई को सुबह दिल्ली वापस आ जाएंगे। मोदी राजीव गांधी के बाद ऑस्ट्रेलिया जाने वाले दूसरे प्रधानमंत्री हैं।

ये PM मोदी का दूसरा ऑस्ट्रेलिया दौरा है। इसके पहले वो 2014 में सिडनी गए थे। मोदी के शुरुआती शेड्यूल के मुताबिक उन्हें ऑस्ट्रेलिया QUAD की बैठक के लिए जाना था। हालांकि अमेरिका में चल रही कर्ज की समस्या के कारण बैठक को G7 समिट के दौरान जापान में ही कर लिया गया। इसके बावजूद PM ने ऑस्ट्रेलिया का दौरा रद्द नहीं किया।