राकेश टिकैत ने सरकार पर लगाया वादा खिलाफी का आरोप, फिर बड़े आन्दोलन की दी चेतावनी

  • Wednesday July 13 2022 - 10:51 AM
  •  

मथुरा। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने एक बार फिर केन्द्र सरकार के विरोध में आन्दोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने देश के किसानों से एक बड़े आंदोलन के लिए तैयार रहने को कहा है। उन्हांेंने कहा कि सरकार ने किसान आंदोलन के दौरान जो वादे किए वे वादे सरकार पूरे नहीं कर रही है। सरकार की गलत नीतियों के चलते देश गरीबी और मजदूरों का की बड़ी कालोनी बनता जा रहा है। उन्होंने यूपी की योगी सरकार को इंगित करते हुए कहा कि बुलडोजर की कार्रवाई एक पक्षीय नहीं होनी चाहिए, सरकार विचार करे कि दंगे के हालात क्यों पैदा हुए?

राकेश टिकैत नौहझील क्षेत्र गांव मिठौली में एक कार्यकर्ता के घर हुई गमी में परिवार को सांत्वना देने आए थे। मीडिया से बात करते हुए राकेश टिकैत ने कहा कि टिकैत ने कहा कि चुनाव से पूर्व सरकार ने किसानों से अनेक वादे किए थे, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया जा रहा है। किसानों को समय से गन्ना भुगतान नहीं हो रहा। मुफ्त बिजली दिए जाने का वायदा हवा-हवाई साबित हो रहा। किसानों के नलकूपों पर मीटर लगाए जा रहे हैं, जिसका भारतीय किसान यूनियन इन मुद्दों को लेकर 18 जुलाई से आंदोलन किया जाएगा।

राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों की फसल सस्ते में लूटी जा रही हैं, एमएसपी बढ़ाने का सरकार का मैकेनिज्म ठीक नहीं है। एमएसपी नहीं मिलने से देश के किसानों का नुकसान हो रहा है।

राकेश टिकैत ने कहा कि आठ साल में देश में 16 करोड़ युवा बेरोजगार हो चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि प्रतिवर्ष देश में दो करोड़ युवाओं को रोजगार देंगे, लेकिन रोजगार नहीं मिल रहा है। आरोप लगाया कि देश में केवल वोट के लिए काम हो रहा है।

मथुरा के श्री कृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद के विवाद पर राकेश टिकैत ने कहा कि यह सरकार के पास एकमात्र एजेंडा है इसी के भरोसे सरकार को वोट मिलते हैं और कोई भी विकास कार्य इस सरकार ने धरातल पर नहीं किए सरकार को विकास का मॉडल तैयार करना चाहिए और शिक्षा के क्षेत्र में काम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के हालात बहुत खराब होते जा रहे हैं। देश आने वाले समय में मजदूर और गरीबो कालोनी बन जाएगा। जहां बड़ी-बड़ी कंपनियां देश में आएंगी। वहीं खेती करेंगी और फैक्ट्री लगाएंगी।