संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा लेने वृंदावन पहुंचा झारखंड का किशोर, पुलिस ने सुपुर्दगी में लिया

  • Tuesday October 06 2026 - 01:46 AM
  •  

  • केलि कुंज परिकर की सूचना पर पहुंची पुलिस, परिजनों को दी गई जानकारी

वृंदावन। संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ग्रहण करने की लालसा में झारखंड का किशोर बिना बताए घर से निकलकर वृंदावन पहुंच गया। मामला संज्ञान में आते ही आश्रम प्रबंधन और स्थानीय पुलिस की सतर्कता से किशोर को सुरक्षित अपनी सुपुर्दगी में ले लिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, झारखंड के गिरिडीह निवासी रविंद्र प्रसाद का 17 वर्षीय पुत्र सावंत वर्मा अचानक घर से ट्रेन पकड़कर मथुरा पहुंचा। मथुरा से वह सीधे श्री हित राधा केलि कुंज आश्रम जा पहुंचा और संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा लेने की बात कहने लगा। किशोर की उम्र और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आश्रम के परिकर ने तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही रमणरेती चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाई और मौके पर पहुंचकर किशोर को अपनी सुपुर्दगी में लिया। इसके बाद पुलिस उसे चौकी ले आई और पूछताछ के आधार पर परिजनों से संपर्क साधा।

सीओ बोले- परिजन वृंदावन के लिए रवाना

सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने बताया कि किशोर के परिजनों से संपर्क हो गया है। वे बच्चे को सकुशल घर वापस ले जाने के लिए वृंदावन के लिए रवाना हो चुके हैं। परिजनों के पहुंचने पर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर किशोर को उन्हें सौंप दिया जाएगा।