25 वर्ष बाद 1.5 करोड़ की लागत से चमका श्रीबांकेबिहारी जी का ऐतिहासिक स्वर्ण हिंडोला
वृंदावन। श्रीबांकेबिहारी मंदिर में विराजित ठाकुरजी के अलौकिक एवं ऐतिहासिक स्वर्ण-रजत हिंडोले का 25 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद पुनरुद्धार और नवीनीकरण किया गया है। लगभग ₹1.5 करोड़ की लागत से हुए इस जीर्णोद्धार कार्य में झूले की सफाई, पॉलिशिंग और जहां-जहां सोने की परत उतर गई थी, वहां नया सोना लगाया गया है।
इस मरम्मत कार्य में लगभग 1,000 ग्राम (1 किलो) शुद्ध सोने का उपयोग हुआ है। आगामी 15 अगस्त को हरियाली तीज के पावन पर्व पर ठाकुर श्रीबांकेबिहारी महाराज वर्ष में केवल एक बार प्रस्तुत होने वाले इस संपूर्ण कलात्मक हिंडोले में विराजमान होकर श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे।
ठाकुरजी के इस 79 वर्ष पुराने विशेष तकनीक से बने हिंडोले के जीर्णोद्धार का कार्य बेहद सख्त और सुरक्षित माहौल में पूरा किया गया। लोहे के सीखचों से सुरक्षित किए गए विशेष कक्ष में सीसीटीवी कैमरों और पुलिसकर्मियों की चौबीसों घंटे निगरानी में जयपुर से आए 28 कुशल कारीगरों ने लगातार 22 दिनों तक मेहनत कर सफाई, मरम्मत और सोने का जुड़ाव का काम पूरा किया। यह कार्य बेरीवाला परिवार की हवेली में संपन्न हुआ, जिसके बाद झूले को पूरी सुरक्षा के बीच वापस मंदिर पहुँचा दिया गया है। संपूर्ण प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में शासन-प्रशासन का भी भरपूर सहयोग रहा।
200 टुकड़ों में फोल्ड होने वाला अद्भुत 5 टन का झूला
यह भव्य हिंडोला अपनी बेजोड़ कलाकृति और बनावट के लिए जाना जाता है। लगभग 5 टन वजनी यह विशाल झूला लगभग 200 अलग-अलग टुकड़ों (Pieces) में फोल्ड हो जाता है। वर्षभर अलग-अलग पर्वों पर इसके विभिन्न भागों का उपयोग किया जाता है—जैसे होली पर सोने-चांदी का डोल, जन्माष्टमी की रात चांदी का सिंहासन और शरद पूर्णिमा पर सोने का छत्र तथा सखियों के मध्य सिंहासन। किंतु वर्ष में केवल हरियाली तीज ही एक ऐसा अवसर होता है जब इसके सभी 200 टुकड़ों को जोड़कर इसे विशालकाय संपूर्ण हिंडोले का रूप दिया जाता है, जिसमें चार सोने-चांदी की सखियों के मध्य ठाकुरजी विराजमान होते हैं।
1947 में बनारस के कारीगरों ने 5 साल में तैयार किया था यह हिंडोला
श्रीबांकेबिहारी जी के परम भक्त और लाला हरगुलालजी के नाती श्यामसुंदर बेरीवाला ने बताया कि उनका परिवार पिछले 107 वर्षों से ठाकुरजी की नियमित सेवा करता आ रहा है। उन्होंने बताया कि उनके दादाजी लाला हरगुलालजी ने वर्ष 1947 में बनारस के प्रसिद्ध कारीगर लल्लनजी और बाबूलालजी से यह झूला तैयार करवाया था, जिसे बनने में पूरे 5 साल का समय लगा था। झूले में इस्तेमाल की गई लाल शीशम की ठोस लकड़ी के लिए टनकपुर क्षेत्र का पूरा जंगल लीज पर लिया गया था। इसमें 5,000 तोले सोना और 1,00,000 तोले चांदी का प्रयोग किया गया था। अगस्त 1947 में पहली बार ठाकुरजी हरियाली तीज पर इस हिंडोले में विराजमान हुए थे और तब से बेरीवाला परिवार ही इसकी देखरेख और सेवा संभालता आ रहा है।



