वृंदावन: ठाकुर राधारमण देव जू का 484वां प्राकट्योत्सव मना, पंचामृत और जड़ी-बूटियों से हुआ महाभिषेक

  • Saturday May 02 2026 - 11:48 AM
  •  

  • स्वर्ण-हीरे के आभूषणों और छप्पन भोग के साथ निखरा आराध्य का स्वरूप
  • जयकारों से गुंजायमान हुआ मंदिर परिसर

वृंदावन। मंदिरों की नगरी वृंदावन में वैशाख पूर्णिमा के पावन अवसर पर गौड़िया वैष्णव संप्रदाय की सप्त निधियों में प्रमुख, श्रीगोपाल भट्ट गोस्वामी के लाडले ठाकुर राधारमण देव जू का 484वां प्राकट्योत्सव अत्यंत श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर मंदिर में भक्ति का अनूठा सैलाब उमड़ पड़ा और सेवायत गोस्वामियों द्वारा भक्तों को आराध्य के जन्म की बधाइयां बांटी गईं।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ भव्य महाभिषेक

प्राकट्योत्सव का शुभारंभ शुक्रवार सुबह वैदिक विधि-विधान के साथ हुआ। सुबह लगभग 8:30 बजे से मंदिर के सेवायत गोस्वामियों ने पुरुषसूक्त के दिव्य मंत्रों के बीच ठाकुरजी का पंचामृत (दूध, दही, शहद, घी, बुरा) और शताधिक (100 से अधिक) दुर्लभ जड़ी-बूटियों से सुवासित दिव्य जल से महाभिषेक किया। सेवायत आशीष किशोर गोस्वामी ने बताया कि अभिषेक में यमुना जल, इत्र, केसर और पुष्पों का विशेष प्रयोग किया गया, जिसकी सुगंध से संपूर्ण परिसर महक उठा।

प्राकट्योत्सव पर ठाकुर राधारमण देव जूं महाराज का श्रृंगार दर्शन।

 

स्वर्ण जड़ित श्रृंगार और छप्पन भोग

अभिषेक के पश्चात ठाकुरजी का नयनाभिराम श्रृंगार किया गया। प्रभु को पीले रंग की जड़ाऊ पोशाक धारण कराई गई और स्वर्ण एवं हीरे-जवाहरातों के प्राचीन कलात्मक आभूषणों से सुशोभित किया गया। आराध्य के सम्मुख छप्पन भोग और झाला भोग का भव्य नैवेद्य अर्पित किया गया। घंटों-घड़ियालों की ध्वनि और हरिनाम संकीर्तन की मधुर लहरियों के बीच भक्तों ने अपने आराध्य की एक झलक पाकर स्वयं को धन्य माना।

शालिग्राम शिला से प्रकट हुए थे राधारमण लाल 

प्राकट्य की महिमा बताते हुए आचार्य पद्मनाभ गोस्वामी ने कहा कि आज से 484 वर्ष पूर्व, अपने अनन्य भक्त गोपाल भट्ट गोस्वामी के प्रेम और करुण भाव से वशीभूत होकर ठाकुरजी शालिग्राम शिला से स्वयं 'बांकी मूरत' वाले श्यामसुंदर के रूप में प्रकट हुए थे। इसी स्मृति में हर वर्ष यह उत्सव मनाया जाता है।

दुर्लभ जड़ी-बूटियों से सुवासित दिव्य जल से महाभिषेक किया।

 

नंदोत्सव और गोपालोत्सव की धूम

मंदिर को फूलों, रंग-बिरंगी झालरों और विद्युत सजावट से दुल्हन की तरह सजाया गया था। मुख्य आयोजन के साथ-साथ मंदिर में पुष्प वाटिका, चौंसठ महंत सेवा और वैष्णव सेवा जैसे कार्यक्रम भी आयोजित हुए। नंदोत्सव की प्राचीन परंपरा के अनुसार 'गोपालोत्सव' भी उत्साहपूर्वक मनाया गया, जिसमें भक्तों ने नृत्य कर अपनी खुशी जाहिर की।

गरिमामयी उपस्थिति

इस पावन अवसर पर पंकज गोस्वामी, शुभम कांत गोस्वामी, दिनेश कुमार गोस्वामी, गोपाल गोस्वामी, जयति कृष्ण गोस्वामी, प्रखर गोस्वामी, विशाल गोस्वामी, अनुभूति कृष्ण गोस्वामी, वरुण गोस्वामी, चंद्रमणि गोस्वामी, राधाकांत गोस्वामी सहित भारी संख्या में देश-विदेश से आए श्रद्धालु उपस्थित रहे।

---