ठाकुर राधावल्लभ लाल ने दाऊजी स्वरूप में दिए दर्शन
खिचड़ी महोत्सवः ठाकुर राधावल्लभ लाल ने दाऊजी स्वरूप में दिए दर्शन, दर्शनों को उमड़े भक्त
वृंदावन। पूर्णिमा तिथि के अवसर पर श्री ठाकुर राधावल्लभ मंदिर में चल रहे खिचड़ी महोत्सव में ठाकुर राधावल्लभ लाल ने भगवान श्रीकृष्ण के बड़े भ्राता दाऊजी (बलराम जी) के स्वरूप में भक्तों को दुर्लभ दर्शन दिए। समाज के गायन के बीच सेवायतों ने दिव्य श्रृंगार कर ठंडाई सेवित की साथ ही मेवा युक्त खिचड़ी का भोग लगाया। विशेष दर्शन के लिए मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
शनिवार सुबह हवेली संगीत की मधुर समाज गायन के मध्य सेवायतों ने ठाकुरजी का दिव्य श्रृंगार किया। समाजी राकेश मुखिया एवं जीवन वल्लभ महाराज द्वारा खिचड़ी के पदों का गायन किया। राग सेवा के दौरान मंगला आरती की गई। सेवायतों द्वारा ठाकुर राधावल्लभ लाल को लगभग 200 किलो मेवा युक्त खिचड़ी का भोग अर्पित किया गया। साथ ही चांदी के पात्रों में ठंडाई का भोग भी लगाया गया। कुछ समय अंतराल के बाद ठाकुरजी ने एक के बाद एक छद्म वेश धारण कर भक्तों को दर्शन दिए। दाऊजी स्वरूप में ठाकुरजी के अलौकिक दर्शन पाकर भक्त भावविभोर हो उठे। जयकारों और भक्ति भाव के बीच श्रद्धालु आराध्य की एक झलक पाने को आतुर दिखाई दिए।
मंदिर के सेवायत मोहित मराल गोस्वामी ने बताया कि खिचड़ी महोत्सव के दौरान पूरे माह ठाकुर राधावल्लभ लाल ब्रज मंडल के विभिन्न देवी-देवताओं, संतों, आचार्यों एवं लीलाओं के स्वरूप धारण कर भक्तों को दर्शन देते हैं। यह विशेष आयोजन वर्ष में केवल एक माह होता है, जिसमें प्रतिदिन ठाकुरजी को मेवा युक्त खिचड़ी का भोग अर्पित किया जाता है।



