श्रीराधारमण मंदिर: ग्रीष्मकालीन उत्सव में दिव्य श्रृंगार दर्शन
श्रीराधारमण मंदिर: ग्रीष्मकालीन उत्सव में दिव्य श्रृंगार और राग-सेवा से निहाल हुए श्रद्धालु
वृंदावन। प्राचीन सप्तदेवालयों में से एक श्रीराधारमण मंदिर में ग्रीष्मकालीन प्रेम-महोत्सव सेवा' के अंतर्गत ठाकुरजी की अद्भुत और भव्य सेवाएं की जा रही हैं। इन दिनों भक्ति, प्रेम और सेवा का एक अनुपम संगम देखने को मिल रहा है। मंदिर परिसर में देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है।
कलात्मक फूल-बंगलों में विराजे ठाकुरजी
भीषण गर्मी में ठाकुरजी के आनंद-वर्धन और उन्हें शीतलता प्रदान करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। पावन प्रेम-महोत्सव के तहत ठाकुर श्री राधारमण लाल को शीतल जल की फुहारों तथा प्राकृतिक पुष्पित वातावरण से युक्त विशेष कलात्मक फूल-बंगलों में विराजमान कराया जा रहा है। प्रतिदिन नित्य नवीन एवं अनुपम श्रृंगार धारण कर ठाकुर जी भक्तों को अद्भुत दर्शन-सुख प्रदान कर रहे हैं।
छप्पन भोग और शीतल पेय का अर्पण
ठाकुर जी को शीतलता पहुंचाने के लिए नित्य प्रति विविध प्रकार के शीतल पेय, फलों के रस, विशेष ठंडाई और कलात्मक रूप से निर्मित छप्पन भोग अर्पित किए जा रहे हैं। भक्त भी अपनी ओर से विविध मनोरथ सेवा और फूल-बंगलों का आयोजन निरंतर करा रहे हैं।
"येन केन प्रकारेण आराध्य को सुख पहुंचाना ही भक्त का चरम लक्ष्य होता है। निष्काम भाव से की गई सेवा भक्तों को दिव्य भाव की अनुभूति कराती है। गीता में भी भगवान ने कहा है- 'पत्रम पुष्पम फलम तोयम यो मे भक्ता प्रयच्छति', अर्थात भक्तों द्वारा प्रेम से दी गई छोटी से छोटी सेवा को भी प्रभु प्रसन्नता पूर्वक स्वीकार कर लेते हैं।"
— श्री पद्मनाभ गोस्वामी, सेवायत (माध्व गौड़ेश्वराचार्य)
उन्होंने आगे कहा कि फल, फूल, जल, समय, स्वर अथवा श्वास—जीवन में प्राप्त प्रत्येक वस्तु जब प्रभु चरणों में समर्पित कर दी जाती है, तभी उसकी वास्तविक सार्थकता प्रकट होती है।
भजनों की स्वर लहरियों पर थिरके भक्त
संध्याकालीन सेवा के दौरान मंदिर परिसर संगीत और राग-सेवा से गुंजायमान हो उठा। सुप्रसिद्ध भजन गायिका राधिका मिश्रा ने "मोहे तो भरोसो तेरो ही किशोरी राधे..." जैसे सुमधुर भजनों के माध्यम से ठाकुर जी के चरणों में भावपूर्ण राग-सेवा प्रस्तुत की। उनके मधुर कंठ से निकले भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को इस कदर भाव-विभोर किया कि भक्त झूमने और थिरकने पर मजबूर हो गए। श्री राधारमण लाल की यह प्रेममयी सेवा, मनोहारी श्रृंगार, मनमोहक पुष्प-बंगले और संगीतमय राग-सेवा भक्तों के हृदय में भक्ति, समर्पण और आनंद की अविरल धारा प्रवाहित कर रही है। ठाकुर जी की इस असीम कृपा-वर्षा में सराबोर होकर सभी श्रद्धालु स्वयं को धन्य मान रहे हैं।
सेवा और व्यवस्था में विशेष योगदान
इस भव्य महोत्सव को सुचारू रूप से संपन्न कराने में मंदिर के सेवायतों और उनके परिवारों का विशेष सहयोग रहा: प्रसाद वितरण: दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण व्यवस्था का कुशल संचालन सरोज गोस्वामी द्वारा किया गया। श्रृंगार एवं संयोजन:सेवायत चंदन गोस्वामी एवं अनुराग गोस्वामी ने पुष्प-बंगलों के भव्य संयोजन तथा ठाकुर जी के दिव्य श्रृंगार आदि सेवाओं में अपना उत्साहपूर्ण योगदान दिया।



