वृंदावन: अपार्टमेंट की 14वीं मंजिल की खिड़की से गिरकर उद्योगपति की संदिग्ध हालात में मौत
- दिल्ली से शांति के लिए 8 माह पहले वृंदावन आए थे,
- पारस प्राइड अपार्टमेंट में किराए के फ्लैट में पत्नी के साथ रह रहे थे
- चार साल पहले हुए सड़क हादसे के बाद से डिप्रेशन में थे अशोक कपूर
वृंदावन। रुक्मिणी विहार स्थित संस्कार सिटी अपार्टमेंट की 14वीं मंजिल की खिड़की से गिरकर एक उद्योगपति की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। ऊंचाई से गिरने के कारण वृद्ध का सिर ग्राउंड फ्लोर के छज्जे से टकरा गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से हाईराइज अपार्टमेंट में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
पारस प्राइड अपार्टमेंट में किराए पर रह रहे थे दंपति
दिल्ली के दिलशाद गार्डन निवासी 67 वर्षीय अशोक कपूर अपनी पत्नी सोनिया कपूर के साथ संस्कार सिटी के समीप पारस प्राइड अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 112 में किराए पर पिछले आठ महीने से रह रहे थे। उनकी दिल्ली में टूल्स बनाने की फैक्ट्री थी। चार साल पहले सड़क हादसा होने के बाद वह डिप्रेशन में चले गए थे। इसके बाद वह मानसिक शांति प्राप्त करने के लिए पत्नी के साथ वृंदावन आ गए थे और यहां किराए के फ्लैट में रहने लगे थे।
मंदिर में आना-जाना होने के दौरान उनकी जान-पहचान समीप ही स्थित संस्कार सिटी अपार्टमेंट की 14वीं मंजिल के फ्लैट नंबर 1420 में रहने वाले महेंद्र सिंह मनोचा से हो गई थी। करवा चौथ के त्योहार पर अशोक कपूर अपनी पत्नी के साथ उनके फ्लैट पर मिलने गए थे। इसके बाद रविवार सुबह अशोक कपूर अपने परिचित महेंद्र सिंह मनोचा के फ्लैट पर दोबारा गए। कुछ ही देर बाद वह 14वीं मंजिल के कॉमन एरिया की खुली खिड़की से नीचे गिर गए।
प्रत्यक्षदर्शी और पुलिस का बयान
ऊंचाई से गिरने पर उनका सिर सबसे नीचे की मंजिल पर बने छज्जे से टकराया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई और मांस के लोथड़े दूर तक बिखर गए। अपार्टमेंट में हड़कंप मच गया और गार्ड व आसपास के लोग मौके पर दौड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब उनकी जेब में बज रहे मोबाइल को उठाया, तब मृतक की पहचान अशोक कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
संस्कार सिटी की 9वीं मंजिल पर रहने वाले एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह सुबह टहल रहे थे, तभी बुजुर्ग अशोक कपूर को 14वीं मंजिल की खिड़की से नीचे गिरते देखा। उनका सिर नीचे के छज्जे से टकराने के बाद वह जमीन पर गिरे। सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने बताया कि बुजुर्ग अशोक कुमार पिछले चार साल से डिप्रेशन में थे और उन्होंने 14वीं मंजिल से गिरकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
एक्सीडेंट के बाद से चल रहा था मानसिक इलाज
मृतक की पत्नी सोनिया कपूर ने बताया कि चार साल पहले दिल्ली में उनका एक्सीडेंट हुआ था, जिसके बाद से वह गहरे डिप्रेशन में चले गए थे। उनका दिल्ली के इवास मेंटल हॉस्पिटल में दो साल तक इलाज चला था, और इसके बाद अन्य अस्पतालों से भी उपचार जारी था। वह कुछ दिन पहले ही डॉक्टर से एक महीने की दवा लेकर आई थीं। पत्नी ने बताया कि उनके दो बच्चे हैं—बेटा परीक्षित कपूर अधिवक्ता (वकील) हैं, जबकि बेटी कनिका कपूर की शादी हो चुकी है।



