भगवान जगन्नाथ हुए बीमार, भक्तों को 17 दिन नहीं देंगे दर्शन

  • Monday June 05 2023 - 08:55 AM
  •  

  • स्नान यात्रा के बाद प्रभु को आया बुखार
  •  प्रभु को सेवक दशमूला अरिष्ठ का दे रहे काढ़ा  
  • धर्मनगरी के कई मन्दिरों में प्रभु नहीं दे रहे भक्तों को दर्शन 
  • 21 जून आषाढ़ प्रतिप्रदा को प्रभु भक्तों को देंगे दर्शन
  • प्रभु की होगी 17 दिनों तक अंगराग सेवा 

वृन्दावन। मन्दिरों की नगरी वृन्दावन के जगन्नाथ मन्दिर में स्नान यात्रा के बाद रविवार को भगवान जगन्नाथ बीमार हो गए हैं। वह अब एकांतवास में रहेंगे और 17 दिनों तक भक्तों को दर्शन नहीं देंगे। मन्दिर में भगवान को स्वस्थ्य लाभ देने के लिए सेवक एवं वैद्य उनका जड़ी-बूटियों से उपचार कर रहे हैं। इन 17 दिनों में भगवान की अंगराग सेवा की जाएगी। 

नगर के जगन्नाथ मन्दिर में विराजमान भगवान जगन्नाथ ने स्नान यात्रा की। इसमें प्रभु सेवकों ने पंचामृत एवं फलों के रसों से अभिषेक किया और विशेष पूजा अर्चना की। रविवार शाम पांच बजे भक्तों ने प्रभु के स्नान यात्रा के दर्शन किए। इसके बाद से मन्दिर के पट बंद हो गए। भगवान बीमार हो गए हैं। 17 दिनोें तक सेवकों, पुजारी उनको काढा, औषधि की सेवा करेंगे। इस बीच भगवान की अंगराग सेवा निरंतर की जाएगी। 

मन्दिर के सेवकों ने बताया कि इन 17 दिनों में दारुण यानी काष्ठ के रुप में प्रकट हुए भगवान जगन्नाथ को संवारा और सजाया जाता है। उन्हें उड़ीसा एवं पं.बंगाल से आए सेवक नए रंगों से स्वरुप प्रदान करते हैं। भगवान जगन्नाथ 15 दिन में स्वस्थ्य होने के बाद आषाढ़ मास के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा 21 जून को प्रात: जगन्नाथ मन्दिर के पट खोले जाएंगे। पट खुलते ही भगवान कपिला गाय के दर्शन करेंगे इसके बाद भगवान की विशेष पूजा सेवा की जाएगी। छप्पन भोग लगाया जाएगा। शाम को भगवान जगन्नाथ भक्तों को दर्शन देंगे। अगले दिन द्वितीया तिथि को भगवान जगन्नाथ अपनी बहन सुभद्रा एवं बडे भाई बलभद्र के साथ रथ में विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे। इस परंपरा को रथयात्रा उत्सव के नाम से जाना जाता है। 

जगन्नाथ मन्दिर के सेवायत ज्ञानप्रकाश पुरी महाराज ने बताया कि भगवान को प्रतिदिन बूटियों का काढा, हलुआ और गर्म पकोड़े से सेवा की जाएगी। इन दिनों अस्वस्थ्य होने के कारण भगवान भक्तों को दर्शन नहीं देंगे। उन्होंने बताया कि भगवान जगन्नाथ दारुण यानी काष्ठ के रुप में प्रकट हुए। भगवान जगन्नाथ अखण्ड आनन्द का दान देते हैं। इसलिए इन्हें गजन्नाथ कहा गया है। 

जगन्नाथपुरी से वृन्दावन ऐसे आई यह धर्म परंपरा 

हिन्दी माह आषाढ में भगवान जगन्नाथ की यह जलयात्रा धर्म पंरपरा करीब पांच सौ वर्ष से चली आ रही है। उड़ीसा के जगन्नाथपुरी से वृन्दावन में इस परंपरा की नींव करीब पांच सौ वर्ष पूर्व पंजाब के प्रभु भक्त हरिदास ने रखी थी। वह जगन्नाथपुरी से भगवान जगन्नाथ का काष्ठ का विग्रह को वहां के तत्कालीन राजा रुद्रप्रताप देव से लाए थे। तभी से वृन्दावन में भी पुरी के साथ इस धर्मपरंपरा की शुरुआत हुई। इस दौरान पुरी एवं वृन्दावन के जगन्नाथ मन्दिर में प्रभु सेवक अंगराग यानी प्रभु के काष्ठ विग्रहों को रंगरुप देकर सेवा कर रहे हैं। 

इस दौरान मान्यता है कि ज्येष्ठमास की पूर्णिमा को स्नान के बाद भगवान जगन्नाथ को बुखार आ जाता है। इस कारण उन्हें पन्द्रह दिन एकांतवास में जड़ी बूटियों से उपचार किया जाता है। इन जड़ी बूटियों से बने काड़ा से प्रतीकात्मक उपचार के दौरान उनके विग्रह का नियमित रुप से विधि विधान के साथ अभिषेक किया जाता है। जिसे प्रसाद स्वरुप भक्तों में वितरित किया जा रहा है।