मां के चुनाव प्रचार के लिए मथुरा आईं अभिनेत्री ईशा, अहाना देओल

  • Thursday April 25 2024 - 09:17 AM
  •  

  • ब्रजवासियों से मिलने से पहले श्रीबांके बिहारी के दर्शन किए
  • ईशा ने कहा - मां हेमामालिनी कृष्ण भक्त हैं, इस बार फिर जीतेंगी
  • दोनों बहनें कॉलेज,यूनिवर्सिटी में युवाओं से करेंगी मुलाकात

वृंदावन। भाजपा प्रत्याशी हेमा मालिनी की बेटी ईशा और अहाना देओल शनिवार को वृंदावन पहुंचीं। मथुरा से लोकसभा का चुनाव लड़ रहीं मां हेमा मालिनी का प्रचार करने आईं ईशा और अहाना ने यहां सबसे पहले श्रीबांके बिहारी के दर्शन किए। फूल बंगला में विराजमान श्रीबांके बिहारी के दर्शन कर वह मंत्र मुग्ध हो गईं।  

ईशा व आहना ने 10 मिनट तक बांकेबिहारी से की प्रार्थना

शनिवार  सुबह अभिनेत्री  ईशा और अहाना ने बांके बिहारी मंदिर की वीआईपी गैलरी से फूलबंगला में विराजमान भगवान को निहारा। करीब दस मिनट तक भगवान बांके बिहारी महाराज के सामने हाथ जोड़कर दर्शन किए। मंदिर के सेवायत संतू गोस्वामी ने  उन्हें भगवान का अंग वस्त्र और प्रसाद प्रदान किया।

बचपन में मैंने भी लगाई थी वृंदावन के मंदिरों की परिक्रमा 

श्रीबांके बिहारी के दर्शन करने के बाद ईशा ने कहा कि  भगवान से बहुत कुछ मांगा। हम सब इंसान है, इसलिए हमें आशीर्वाद चाहिए, वहीं मांगने आए हैं। तीसरी बार हेमा मालिनी के मथुरा से चुनाव लड़ने पर उन्होंने कहा कि उनकी मां कृष्ण भक्त हैं, बहुत सालों से जब वह बहुत छोटे थे तब यहां आते थे। मंदिरों की परिक्रमा की थी। उन्होंने कहा कि हेमाजी एक बार फिर मथुरा की तरफ से जीतने वाली हैं और वह जीतेंगे। 

मथुरा के कॉलेजों में युवाओं के बीच जाएंगी ईशा व आहना

ईशा और अहाना यहां पर कॉलेज और विश्वविद्यालय में जाकर अलग-अलग कार्यक्रमों में भाग लेंगी। ईशा और अहाना गिर्राज महाराज कॉलेज में कनेक्टेड सत्र में भाग लेंगी। इसके बाद वह जीएलए विश्वविद्यालय जायेंगी, जहां वह इंट्रेक्टिव सत्र में शामिल होंगी। 2 घंटे जीएलए यूनिवर्सिटी में रुकने के बाद दोनों बहन संस्कृति विश्वविद्यालय जायेंगी, जहां वह वार्षिक उत्सव स्पार्क 2024 में शामिल होेंगी।