हाथरस का सत्संग स्थल बना श्मशान, भोले बाबा के सत्संग में भगदड़, 116 लोगों की मौत
हाथरस। जिले में सिकंदराराऊ कस्बे में सूरज पाल उर्फ भोले बाबा नारायण साकार हरी के सत्संग के दौरान भगदड़ मच गई। हादसे में 116 लोगों की मौत हो गई। एटा में 19 लोगों के शव मेडिकल कॉलेज लाए गए हैं। अलीगढ मंडल के सभी अधिकारी मौके पर पहुंच गए है। मुख्यमंत्री योगी ने हादसे पर दुःख व्यक्त करते हुए अधिकारियों से प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करने के आदेश दिया है और कहा कि लापरवाह अधिकारियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई होगी।
मंगलवार दोपहर करीब डेढ बजे सिकंदराराऊ कस्बे में बड़ा हादसा हो गया। यहां 50 से 60 बीघा खेत में पंडाल लगाकर भोले बाबा का सत्संग चल रहा था। इसमें करीब एक से डेढ लाख लोग शामिल हुए थे। सत्संग समाप्त होने के बाद यहां से जैसे भी भीड़ निकलना शुरू हुई तो भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में महिलाएं और बच्चे बुरी तरह कुचलते चले गए। मौके पर चीख पुकार मच गई। हादसे में घायलों को मेडिकल कॉलेज एटा भेजा गया है। इस हादसे में 116 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में ज्यादातर हाथरस और एटा के रहने वाले हैं। मृतकों शव अलीगढ़ और एटा भेजे गए है। मौके पर डीएम आशीष कुमार और एसपी निपुण अग्रवाल रवाना हो गए हैं।



