महंत राजू दास की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मथुरा में उमड़ा जनसैलाब,

  • Wednesday September 02 2026 - 02:18 AM
  •  

  •  मुकेश सहनी बोले-'24 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो सीधे सीएम से मांगेंगे जवाब'

मथुरा। टीवी डिबेट के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र व आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने वाले महंत राजू दास की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को मथुरा की सड़कों पर व्यापक जनाक्रोश देखने को मिला। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के नेतृत्व में वीआईपी, इंडिया गठबंधन, कांग्रेस, कम्युनिस्ट दलों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने दामोदरपुरा से कलेक्ट्रेट तक विशाल जुलूस निकाला।

महंत राजू दास के खिलाफ नारेबाजी, कलेक्ट्रेट पर भारी पुलिस बल

हजारों कार्यकर्ताओं का यह काफिला "राजू दास को गिरफ्तार करो", "माता-बहनों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान" और "कानून सबके लिए बराबर हो" जैसे गगनभेदी नारों के साथ आगे बढ़ा। कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचने पर कार्यकर्ता राजू दास के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की मांग को लेकर अड़ गए।

प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में 3 घंटे तक चले हंगामे के बाद आईपीएस अफसर व सीओ सिटी आसना चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की और ज्ञापन लेकर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद समर्थकों ने आंदोलन को अस्थायी रूप से समाप्त किया।

24 घंटे का अल्टीमेटम, पूरे यूपी में व्यापक आंदोलन की चेतावनी: मुकेश सहनी

सभा को संबोधित करते हुए वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी ने कहा, "यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि सार्वजनिक मंच पर किसी व्यक्ति और उसकी माता के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी के बावजूद पुलिस कई दिनों से कार्रवाई नहीं कर रही है। यदि 24 घंटे में राजू दास के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं हुआ, तो हम दोबारा मथुरा आएंगे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सीधे जवाब मांगेंगे।" उन्होंने चेतावनी दी कि न्याय न मिलने पर यह आंदोलन पूरे उत्तर प्रदेश में फैलाया जाएगा।

'कार्रवाई में देरी से लग रहा सरकारी संरक्षण का आरोप' कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद ने आरोप लगाया कि कार्रवाई में हो रही देरी यह दर्शाती है कि आरोपी को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि यह केवल उनका व्यक्तिगत अपमान नहीं, बल्कि सार्वजनिक जीवन की मर्यादा का हनन है। वहीं, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज तभी साबित होगा जब सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के लिए कानून समान रूप से काम करेगा।

विशाल प्रदर्शन में प्रमुख नेता और संगठन रहे शामिल

जुलूस में वीआईपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजा राम बिंद, प्रदेश अध्यक्ष हरिओम वर्मा निषाद, प्रेमचंद कश्यप, जिलाध्यक्ष हेमंत निषाद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर, विक्रम बाल्मीकि, कम्युनिस्ट नेता गफ्फार अब्बास, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष दुर्गेश बघेल, बीकेयू जिलाध्यक्ष सोनू फौजी सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता व विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।