वृंदावन: गुरु गौरांगी शरण महाराज के जन्मोत्सव पर श्रीराधावाटिका पहुंचे संत प्रेमानंद महाराज

  • Monday November 16 2026 - 01:02 AM
  •  

  • संत दर्शन को परिक्रमा मार्ग में उमड़ी भक्तों की भारी भीड़

वृंदावन। संत प्रेमानंद महाराज अपने गुरु संत गौरांगी शरण महाराज के जन्मोत्सव पर वराह घाट स्थित श्रीराधावाटिका आश्रम पैदल पहुँचे। इस विशेष अवसर पर उन्होंने विधि-विधान से गुरु पूजन किया और पदों का गायन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। संत के वृंदावन आगमन की खबर मिलते ही परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा।

संत प्रेमानंद महाराज ने वृंदावन की परिक्रमा मार्ग में की पदयात्रा। 

यमुना विहार आश्रम से श्रीराधावाटिका पहुँचे, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

शनिवार तड़के करीब 4:45 बजे संत प्रेमानंद महाराज यमुना पार स्थित अपने यमुना विहार आश्रम से कड़ी सुरक्षा के बीच कार द्वारा परिक्रमा मार्ग पहुँचे। वह कार से उतरकर पदयात्रा करते हुए वराह घाट स्थित श्रीराधावाटिका पहुँचे। इस दौरान उनकी सुरक्षा व्यवस्था पहले से काफी सख्त नजर आई, जिसमें पुलिस बल और शिष्यों का सुरक्षा घेरा शामिल था।

संत प्रेमानंद ने किया गौरांगी शरण महाराज का पूजन 

गुरु के जन्मदिन के पावन अवसर पर श्रीराधावाटिका आश्रम को रंग-बिरंगी इलेक्ट्रिक झालरों और भव्य पुष्पों से बेहद खूबसूरती से सजाया गया था। संत प्रेमानंद महाराज ने आश्रम पहुँचकर अपने गुरु के चरण धोए, मस्तक पर चंदन लगाया और उन्हें पुष्प माला एवं पटुका पहनाकर उनका पूजन किया। इसके पश्चात पदों का गायन हुआ और गुरु का आशीर्वाद व प्रसाद ग्रहण कर वह रमणरेती स्थित अपने श्रीहित राधाकेलि कुंज आश्रम के लिए रवाना हुए।

पदों का गायन करते संत प्रेमानंद महाराज।

भक्तों में दिखा गजब का उत्साह, गूंजे 'राधे-राधे' के जयकारे

सुबह करीब 7:40 बजे जब संत प्रेमानंद महाराज पुनः परिक्रमा मार्ग से होते हुए अपने आश्रम लौटे, तो मार्ग के दोनों ओर हजारों की संख्या में भक्त खड़े नजर आए। ढोल-नगाड़ों की धुन, पुष्प वर्षा, और मार्ग पर बनाई गई सुंदर रंगोलियों के साथ अनुयायियों ने उनका स्वागत किया। परिक्रमा मार्ग "राधे-राधे" और "श्रीहरिवंश" के जयकारों से गूंज उठा। लंबे समय बाद संत के अलौकिक दर्शन पाकर कई महिला भक्त भावुक हो उठीं, जबकि युवाओं में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला।