गणतंत्र दिवस पर ईयू नेताओं की मौजूदगी संबंधों की बढ़ती ताकत, पीएम मोदी ने साझा कीं खास तस्वीरें

  • Wednesday January 28 2026 - 12:50 AM
  •  

  • पहली बार यूरोपीय संघ के दो शीर्ष नेता बने भारत के गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि

नई दिल्ली। देश इस वर्ष अपना 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मना रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार यूरोपीय संघ (EU) के दो शीर्ष नेताओं ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस मौके को भारत-यूरोपीय संघ संबंधों के लिहाज से एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है।

इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो लुइस सैंटोस दा कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों नेताओं की मौजूदगी को भारत और यूरोपीय संघ के बीच मजबूत होते रिश्तों और रणनीतिक साझेदारी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

पीएम मोदी ने साझा कीं खास तस्वीरें

गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान यूरोपीय संघ के शीर्ष नेताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खास तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों के जरिए पीएम मोदी ने भारत-ईयू संबंधों की मजबूती और आपसी विश्वास को रेखांकित किया। प्रधानमंत्री ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह में यूरोपीय संघ के नेताओं की मौजूदगी भारत-ईयू साझेदारी की बढ़ती ताकत और साझा मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में लिखा,

“भारत को हमारे गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन की मेजबानी करने का सौभाग्य मिला है।”

मौजूदगी भारत-ईयू संबंधों की बढ़ती ताकत: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय और ऐतिहासिक अवसर पर यूरोपीय संघ के नेताओं की मौजूदगी भारत-ईयू संबंधों की बढ़ती ताकत को साफ तौर पर दर्शाती है। उन्होंने यह भी कहा कि यह उपस्थिति भारत और यूरोपीय संघ के बीच साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, आपसी सम्मान और दीर्घकालिक सहयोग की भावना को मजबूती देती है।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि ईयू नेताओं की यह यात्रा भारत और यूरोप के बीच विभिन्न क्षेत्रों में गहरे जुड़ाव और सहयोग को और गति देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह साझेदारी आने वाले समय में व्यापार, तकनीक, जलवायु परिवर्तन, रक्षा और वैश्विक स्थिरता जैसे कई अहम क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।