ब्रह्मोत्सव: भगवान रंगनाथ ने स्वर्णजड़ित पूर्ण कोठी में की सवारी, जगह-जगह हुआ स्वागत

  • Wednesday March 27 2024 - 10:20 PM
  •  

वृंदावन। दक्षिण भारतीय शैली के श्री रंगनाथ मंदिर में दस दिवसीय ब्रह्मोत्सव वैदिक मंत्रोचार के मध्य शुरु हो गया। ब्रह्मोत्सव के पहले दिन सुबह भगवान रंगनाथ माता गोदा के साथ स्वर्णजणित पूर्ण कोठी पर विराजमान हुए। मंदिर से शुरू हुई सवारी गाजे बाजे के साथ बड़े बगीचा पहुंची, जहां कुछ देर विश्राम के बाद सवारी वापस मंदिर पहुंची। 

ब्रह्मोत्सव का शुभारंभ बुधवार सुबह शुभ मुहूर्त में ध्वजारोहण की परंपरा के साथ हुआ। शुभ मुहूर्त में मंदिर के पुरोहित विजय मिश्रा ने वैदिक मंत्रों के मध्य उत्सव प्रारंभ करने के लिए मंदिर के श्रीमहंत गोवर्धन रंगाचार्य महाराज के निर्देशन में ध्वजारोहण के समय भगवान गरुड़ का पूजन पुजारी राजू स्वामी से कराया। इसका उद्देश्य भगवान गरुड़ द्वारा समस्त देवी देवताओं को ब्रह्मोत्सव की सुचना देना है और समस्त उत्सव की बागडोर गरुड़जी के हाथों में सौंपना है। पूजन के बाद सोने से बने स्तम्भ पर गरुड़ की ध्वजा चढ़ाई गई। इसके बाद भगवान गोदा रंगमन्नार की पूर्ण कोठी पर सवारी मंदिर से निकाली गई। जिसका जगह-जगह भक्तों ने सवारी वाले मार्गांे पर रंगोली बनाकर स्वागत किया। 

इससे पहले मंगलवार को भगवान रंगनाथ के सेनापति विश्वकसेन का पूजन अर्चन किया गया। उनको चांदी की पालकी में विराजमान कर परंपरागत वाद्य यंत्रों की ध्वनि के साथ सवारी निकाली गई। भगवान विश्वकसेन ब्रह्मोत्सव के लिए की गयी व्यवस्थाओं का जायजा लेने चांदी की पालकी में विराजमान होकर निकले।

आपको बता दें कि वृंदावन का रंगनाथ मंदिर उत्तर भारत में दक्षिण भारतीय शैली का सबसे विशाल मंदिर है। इस मंदिर के मुख्य भगवान श्री गोदारंगमन्नार हैं। रंगनाथ मंदिर को दिव्य देश की उपाधि मिली हुई है यानि वह देवस्थान जहां हर दिन भगवान् का उत्सव हो। इन्हीं उत्सवों में प्रमुख ब्रह्मोत्सव है, जिसके बारे में कहा जाता है कि यह उत्सव स्वयं भगवान नारायण के लिए ब्रह्माजी ने किया था।