आज़ादी का अमृत महोत्सवः स्वामी विवेकानंद और स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका

  • Thursday August 11 2022 - 11:59 PM
  •  

लन्दन से विदा लेकर भारत वापसी वापसी से पहले स्वामी विवेकानन्द के एक अंग्रेज मित्र ने उनसे पूछा, “स्वामी जी, चार वर्षों तक विलासिता, चकाचौध तथा शक्ति से परिपूर्ण इस पश्चिमी जगत का अनुभव लेने के बाद अब अपनी मातृभूमि आपको कैसी लगेगी?” स्वामी विवेकानन्द ने उत्तर दिया, “इधर आने के पूर्व मैं भारत से प्रेम करता था; परन्तु अब तो भारत की धूलिकण तक मेरे लिए पवित्र हो गयी है; अब मेरे लिए वह पुण्यभूमि है – एक तीर्थस्थल है!” इसी भाव से स्वामी विवेकानन्द  ने आजीवन भारत की सेवा की और भारतवासियों में इस भाव का संचार किया।

राष्ट्र की स्वतंत्रता में स्वामी विवेकानन्द का योगदान अवर्णनीय है। स्वामी विवेकानन्द को तत्कालीन समय के स्वतंत्रता संग्राम का मशाल कहा जा सकता है। उन दिनों जब क्रांतिकारी पकड़े जाते तो उनकी जेबों से स्वामी विवेकानन्द की तस्वीर मिलती थी।  ऐसा नहीं कि मात्र गरम दल के लोग ही स्वामी विवेकानन्द से अनुप्राणित थे बल्कि नरम दल के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों पर भी उनका गहरा प्रभाव था। वह भारत तथा भारतवासियों के प्रति प्रेम की प्रतिमूर्ति थे। जो कोई भी उनके सम्पर्क में आता, उसे वे भारत से प्रेम करने की शिक्षा देते।

क्रिष्टिन लिखती है: “मुझे लगता है कि जब हमने पहली बार उनकी उस अद्भुत आवाज में ‘भारतवर्ष’ शब्द सुना, तभी से हमारे ह्रदय में भारत के प्रति प्रेम प्रकट हुआ। स्वामी विवेकानन्द की महान प्रशंसिका तथा उन्हें अपना मित्र माननेवाली अमेरिकी महिला – जोसेफिन मेक्लाउड ने एक बार उनसे पूछा था – “मैं आपकी सर्वाधिक सहायता कैसे कर सकती हूँ?” स्वामी विवेकानन्द ने उत्तर दिया – “भारत से प्रेम करो।”

पराधीन भारत में जब समुद्र पर करना पाप समझा जाता था उन दिनों स्वामीजी ने भारत के अंधविश्वासों की धज्जियाँ उड़ाते हुए मूल सिद्धांतों की पुनर्स्थापना की। जहाँ भारतवासियों को अपने ही राष्ट्र में सम्मान नहीं मिल पता था वहां उन्होंने भारत में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में भारत का सम्मान स्थापित किया। 

प्रसिद्ध लेखक रोमा रोलाँ लिखते हैं : "वे (विवेकानन्द) शक्ति की सजीव प्रतिमा थे और कर्म ही मानवता के प्रति उनका सन्देश था। बीथोवन के समान ही उनके लिए भी यही सभी सद्गुणों का मूल था। 1893 ई. 10 सितम्बर में, शिकागो में आयोजित सर्वधर्म सम्मलेन के कार्डिनल गिबन्स द्वारा उद्घाटन के अवसर पर, जब तीस वर्ष का यह अज्ञात युवक प्रकट हुआ, तो उसकी भव्य उपस्थिति में अन्य सभी प्रतिनिधि विस्मृत हो गए। एंग्लो सैक्सन जाति की विपुल श्रोत्र मण्डली पहले तो उनके रंग के कारण उनके प्रति पूर्वाग्रह से युक्त थी, पर उनका बल और सौन्दर्य उनका ओज और शालीनता उनके नेत्रों की गहरी चमक तथा प्रभावशाली मुद्रा देखकर हर कोई प्रभावित था और जब उन्होंने बोलना आरम्भ किया, तो उनकी गुरु-गम्भीर वाणी को सुनकर सभी हतप्रभ रह गए।  इस भारतीय उपदेशक ने संयुक्त राज्य अमेरिका पर गहरी छाप छोड़ी। उन्हें कहीं भी दूसरे स्थान पर सोच पाना असम्भव था। वे जहाँ कहीं भी गए, प्रथम रहे।" पर विश्व प्रसिद्ध होने के पश्चात भी उनकी देश भक्ति कम न हुई। वे अपने देश को नहीं भूले। 

धर्म-महासभा में स्वामी विवेकानन्द के प्रथम व्याख्यान ने ही उन्हें इतना प्रसिद्ध बना दिया कि शिकागो सिटी के सर्वाधिक प्रतिष्ठित लोगों ने उन्हें अपने घर पर आमंत्रित करना आरम्भ कर दिया। प्रत्येक व्यक्ति उन्हें अपना अतिथि बनाना चाहता था। महासभा के पहले दिन का अधिवेशन पूरा हो जाने के बाद स्वामी विवेकानन्द एक करोड़पति के भवन में ले जाए गए और वहाँ उनके सम्मान में राजोचित सत्कार किया गया। मेजबान ने स्वामी विवेकानन्द की सुविधा के लिए सारे उपाय किए, परन्तु स्वामी विवेकानन्द को न तो नाम-यश की आकांक्षा थी और न ही वे शारीरिक सुख-सुविधा के इच्छुक थे। 

इसलिए इस भव्यता, तड़क-भड़क तथा अमेरिकी लोगों के स्वाभाविक प्रशंसा भाव के बीच स्वामी विवेकानन्द को बेचैनी महसूस होने लगी। वे यह बात नहीं भूल पा रहे थे कि उनके देशवासी कितने कष्टों के बीच जीवन-यापन कर रहे हैं। उनका ह्रदय भारत के लिए क्रंदन करता रहा और यही कारण था कि उन्हें विलासितापूर्ण बिस्तर पर नींद नहीं आयी। बिस्तर से उतरकर वे फर्श पर लेट गए और सारी रात एक शिशु के समान रोते रहे।

उन्होंने प्रार्थना की – “हे माँ, मैं इस नाम-यश को लेकर क्या करूँ, जबकि मेरे देशवासी घोर निर्धनता में डूबे हुए हैं! हम गरीब भारतवासी एसी बुरी हालत तक पहुँच गए हैं कि मुठ्ठीभर अन्न के अभाव में लाखों लोग प्राण त्याग देते हैं और यहाँ लोग अपने व्यक्तिगत सुख-सुविधा के लिए लाखों रूपये खर्च करते हैं। भारत की जनता को कौन उठाएगा?” स्वामी विवेकानन्द का भारत के प्रति ऐसा ही ज्वलंत प्रेम था। ऐसे किसी एक समय में स्वामी विज्ञानानन्द जी ने पूछा था – “स्वामी जी, क्या आपकी तबियत खराब है?” स्वामीजी हड़बड़ा गए और बोले – “ओह, पेशन, मुझे लगा कि तुम सो रहे हो। नहीं भाई, मैं बीमार नहीं हूँ। परन्तु जब तक मेरा देश पीड़ित है, तब तक मैं सो नही सकता। मैं रो-रोकर श्री रामकृष्ण से प्रार्थना कर रहा था कि वे शीघ्रातिशीघ्र देश की हालत सुधार दें।” 

विल डूराण्ट लिखते हैं:  "उन्होंने (स्वामी विवेकानन्द) अपने देशवासियों को जैसा शक्तिदायी मतवाद प्रदान किया, वैसा वैदिक काल से अब तक किसी भी हिन्दू धर्म प्रचारक ने नही दिया था –  हम मनुष्य बनाने वाला धर्म चाहते हैं। उन दुर्बल बनाने वाली रहस्यमय मतवादों को छोडो और बलवान बनो। अगले पचास वर्षों के लिए अपने मन से अन्य व्यर्थ के देवताओं को लुप्त हो जाने दो। एकमात्र यही देवता जाग्रत है – हमारा अपना राष्ट्र, सर्वत्र उसके हाथ है, सर्वत्र उसके पाँव हैं,  सर्वत्र उसके नेत्र हैं,  वह सब कुछ को आवृत किए हुए है,। हमें सर्वप्रथम उन लोगों की पूजा करनी होगी, जो हमारे चारों ओर विद्यमान है। ये हमारे ईश्वर हैं – मानव तथा जीव-जंतु और पूजा के योग्य प्रथम देवता हैं हमारे अपने देशवासी।"

स्वामी विवेकानन्द में स्वभिमान की गहन भावना थी और वे चाहते थे कि इसी प्रकार हर भारतवासी अपने स्वाभिमान के प्रति सचेत हो। आगे वर्णित होने वाली घटना, जो उनके अमेरिका जाने से पूर्व घटी थी,  इसी बात को भलीभांति प्रस्तुत करती है। स्वामी विवेकानन्द तथा मुंशी जगमोहन लाल आबुरोड स्टेशन पर रेलगाड़ी के डिब्बे में बैठे ट्रेन के मुंबई रवाना होने का इंतजार कर रहे थे। स्वामी विवेकानन्द को विदा करने आए हुए उनके एक बंगाली मित्र भी उसी डिब्बे में बैठे हुए थे। तभी एक अंग्रेज टिकट निरीक्षक आया और कटु शब्दों में बोला कि वे सज्जन ट्रेन से निचे उतर जाएँ। वे सज्जन भी रेल विभाग के ही कर्मचारी थे। उन्होंने टिकट निरीक्षक को समझाने का प्रयास किया कि उन्होंने कुछ भी नियमविरुद्ध नही किया है। परन्तु टिकट निरीक्षक अपनी बात पर अड़ा रहा। इसके फलस्वरूप दोनों के बीच गर्मागर्म बहस छिड़ गयी, जिसमें बाद में स्वामी विवेकानन्द को भी हस्तक्षेप करना पड़ा। परन्तु उस अंग्रेज ने उन्हें कोई साधारण साधु समझा और अपमानसूचक शब्दों में बोला, “तुम काहे बात करते हो?” स्वामी जी यह ‘तुम’ का सम्बोधन सुनकर भड़क गए और अंग्रेजी में बोले, “यह ‘तुम’ किसे कहते हो? क्या तुम नहीं जानते कि उच्च श्रेणी के यात्रियों के साथ कैसे बात करनी चाहिए? ‘आप’ क्यों नही कहा?” अपनी गलती को समझकर टिकट निरीक्षक बोला, “मुझे खेद है कि मैं यह भाषा ठीक से नही जनता। मैं तो केवल चाहता था कि यह आदमी...।” स्वामीजी ने उसकी बात बीच में ही काटते हुए कहा’ “अभी – अभी तुमने कहा कि तुम हिंदी भाषा नही जानते। अब देखता हूँ कि तुम अपनी मात्रभाषा भी नही जानते। जिन्हें तुम ‘आदमी’ कह रहे हो, वे एक ‘सज्जन’ हैं। मैं इस अनादरपूर्ण आचरण की शिकायत तुम्हारे ऊपरवाले अफसरों से करूँगा।” इस पर वह टिकट निरीक्षक डर गया और जल्दी से उस डिब्बे से चलता बना। टिकट-निरीक्षक के जाते ही स्वामी विवेकानन्द जगमोहन लाल की ओर उन्मुख हुए और बोले, “इन यूरोपियनों के साथ व्यव्हार करते समय हमें अपने स्वाभिमान का ध्यान रखना चाहिए। हमें भी दूसरों के समान ही अपनी प्रतिष्ठा तथा स्तर के विषय में सचेत रहना चाहिए। दुर्भाग्यवश हम ऐसा नही करते और इसी के फलस्वरूप इन लोगों को हमें नीचा दिखाने का मौका मिल जाता है। हमें हर कीमत पर अपने स्वाभिमान की रक्षा करनी होगी, अन्यथा हमें पग-पग पर अपमान सहना पड़ेगा।

ध्यान रहे, कायरता से ही सभी प्रकार के दुराचरण तथा बुराइयों को बढ़ावा मिलता है। सभ्यता में हिन्दू लोग दुनिया की अन्य किसी भी जाति से कम नहीं हैं, परन्तु वे अपने को अत्यंत हीन मानते हैं। यही कारण है कि कोई भी ऐरा-गेरा हमें अपमानित करने का साहस करता है और हम लोग उस अपमान का घूंट चुपचाप पी जाते हैं।” इस प्रकार स्वामी विवेकानन्द  ने भारतवासियों को अपने देश के प्रति प्रेम तथा सम्मान का भाव रखना सिखाया। इसी प्रकार स्वामी विवेकानन्द ने देश में आत्मसम्मान से जीवन जीने और देशभक्ति की लहर पैदा कर दी। विभिन्न देशभक्तों ने विभिन्न समय पर स्वामीजी से प्रेरणा पायी हम उनके ही शब्दों में उसका उल्लेख कर रहे हैं -

सुभाषचन्द्र बोस: "पिछली शताब्दी के 70 वाले दशक में भारत में दो धार्मिक महापुरुषों का उदय हुआ, जिनका देश के नव-जागरण की धरा पर विशेष प्रभाव पड़ा। वे थे श्रीरामकृष्ण परमहंस और उनके शिष्य स्वामी विवेकानन्द ने कोई राजनीतिक विचार या सन्देश नही दिया, तथापि हर व्यक्ति, जो उनके सम्पर्क में आया या जिसने भी उनके लेखों को पढ़ा, वह देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गया और स्वतः ही उसमें राजनीतिक चेतना पैदा हो गयी। कम-से-कम जहाँ तक बंगाल का प्रश्न है, स्वामी विवेकानन्द को वहाँ के आधुनिक राष्ट्रवादी आन्दोलन का जनक माना जा सकता है। उनका देहावसान बहुत जल्दी 1902 ई. में ही हो गया , लेकिन उनका प्रभाव उनकी मृत्यु के बाद और अधिक बढ़ गया। स्वामी विवेकानन्द पूर्ण विकसित पौरुष से संपन्न थे, उनके रग-रग में योद्धापन भरा था। इसीलिए वे शक्ति के उपासक थे और इसी कारण उन्होंने अपने देश्वसियों का उत्थान करने हेतु वेदान्त की एक नवीन व्यावहारिक व्याख्या दी।... वे इतने महान, गहन तथा बहुमुखी थे कि मैं घण्टों लिखकर भी इन महापुरुष की महिमा के प्रति तनिक भी न्याय नहीं कर सकूँगा| वे विश्व के प्रथम ऐसे सर्वोच्च कोटि के योगी थे, जिन्होंने ब्रह्म का साक्षात्कार करने के बाद भी स्वदेश तथा मानवता के नैतिक एवं आध्यात्मिक उत्थान के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन अर्पित कर दिया था। आज यदि वे जीवित होते, तो मैं  उनके चरणों में होता। यदि मैं भूल नहीं करता, तो आधुनिक भारत उन्ही की सृष्टी है। श्री रामकृष्ण और स्वामी विवेकानन्द के प्रति मैं किना ऋणी हूँ – इसे मैं शब्दों के माध्यम से व्यक्ति नही कर सकता। उन्ही के पुण्य प्रभाव से मेरे जीवन में चेतना का प्रथम प्रादुर्भाव हुआ था।

रामकृष्ण और विवेकानन्द एक ही अखण्ड व्यक्तित्व के दो पहलू हैं। आज यदि  स्वामी विवेकानन्द जीवित होते, तो निश्चित ही वे मेरे गुरु होते अर्थात मैने अवश्य ही उनका गुरु-रूप में वरन कर लिया होता।  अस्तु, कहना न होगा कि जब तक मैं जीवित रहूँगा, ‘रामकृष्ण-विवेकानन्द’ का अनन्य अनुगत तथा अनुरागी बना रहूँगा।

 वर्तमान स्वाधीनता आन्दोलन की नींव स्वामी विवेकानन्द की वाणी पर ही आश्रित है। भारतवर्ष को यदि स्वाधीन होना है, तो उसमें हिंदुत्व या इस्लाम का प्रभुत्व होने से काम न होगा। राष्ट्रीयता के आदर्श से अनुप्राणित कर विभिन्न सम्प्रदायों का सम्मिलित निवास-स्थान बनाना होगा।

रामकृष्ण-विवेकानन्द के ‘धर्म-समन्वय’ का सन्देश भारतीयों को सम्पूर्ण ह्रदय के साथ अपनाना होगा। रामकृष्ण परमहंस ने अपनी साधना के द्वारा जो सर्व-धर्म-समन्वय कर दिखाया था, वही स्वामीविवेकानन्द के जीवन का मूलमंत्र बना और और वही भावी भारत के मूलमंत्र का भी आधार हुआ। इस सर्व-धर्म-समन्वय और सभी मतों में सहिष्णुता के बिना हमारे इस विविधतापूर्ण देश में राष्ट्रीयता का बोध स्थापित नही हो सकता।

‘फ्रीडम, फ्रीडम इज दी सांग ऑफ़ दी सोल – स्वाधीनता हमारी आत्मा का संगीत है।’ यह सन्देश जब स्वामीजी के ह्रदय से निकला, तब उन्होंने समग्र देशवासियों को मुग्ध और उन्मत्त कर दिया। उनकी साधना के द्वारा, आचरण के द्वारा, वचनों और भाषणों के द्वारा यह सत्य प्रकट हुआ।  स्वामी विवेकानन्द ने मनुष्य को तरह-तरह के बन्धनों से मुक्त होकर सही मनुष्य बनने को कहा और दूसरी तरफ सर्व-धर्म-समन्वय के प्रचार के जरिये भारतीय राष्ट्रीयता की आधार-शिला स्थापित की।"

रविंद्रनाथ ठाकुर: "यदि आप भारत को समझना चाहते हैं, तो विवेकानन्द का अध्ययन कीजिए, उनमें सब कुछ विधेयात्मक है, निषेधात्मक कुछ भी नहीं| आधुनिक भारत में एकमात्र विवेकानन्द ने ही एक एसे महान सन्देश का प्रचार दिया जो कि किन्ही विधि-निषेधों में ही आबद्ध नही है। सम्पूर्ण राष्ट्र का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा था, ‘तुम सबके भीतर ब्रह्म की शक्ति विद्यमान  है – निर्धनों में विराजमान इश्वर तुम्हारी सेवा मांगते हैं| इस सन्देश ने नवयुवकों के चित्त को पूर्ण रूप से जाग्रत कर दिया है। इसीलिए यह सन्देश देशभक्ति के विभिन्न रूपों में तथा विविध प्रकार के त्यागों में फलप्रासु हुआ। उनके सन्देश ने मानव को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ ही शक्ति एवं उत्साह भी प्रदान किया है।"

श्री अरविन्द: "यदि दुनिया में कोई सामर्थ्यवान पुरुष हुआ है, तो वे थे स्वामी विवेकानन्द। मनुष्यों के बीच वे एक साक्षात् सिंह थे। उनकी सर्जनात्मक प्रतिभा और क्षमता के बारे में हमारे मन में जो धारणा है, उसकी तुलना में, अपने पीछे वे जो एक सुनिश्चित कार्य छोड़ गए हैं, वह बिलकुल अपर्याप्त है। स्वामी विवेकानन्द का मेरिका जाना और बाद में नका अनुसरण करने वालों के द्वारा भारत के हित में जो कार्य हुआ, वह सौ लन्दन-कांग्रेसों द्वारा हो सकनेवाले कार्य से भी कहीं अधिक था।"

लोकमान्य तिलक: "शायद ही एसा कोई हिन्दू होगा, जो विवेकानन्द के नाम से परिचित न हो। उन्नीसवीं शताब्दी में भौतिक विज्ञान ने असाधारण प्रगति करके (विश्व में) अपने लिए उच्च स्थान बना लिया था। एसी शताब्दी के उत्तरार्ध में, हिन्दुस्तान में सहस्रों वर्ष पूर्व से प्रचलित अध्यात्म-शास्त्र को पाश्चात्य विद्वानों के समक्ष करना तथा उनसे उसकी अपूर्वता को बात मनवाना; और जिस राष्ट्र में उन शास्त्रों का सृजन हुआ, उसके लोगों के बारे में सहानुभूति उत्पन्न करना – यह कोई मामूली काम नहीं है। हमारे देश में विकसित हुआ हमारा धर्म ही, हारा अमोल धन और बल है; जग भर में इसका प्रचार करना ही हमारा कर्तव्य है- ऐसा केवल मुख से न कहकर, सारी दुनियां के समक्ष सिद्ध कर दिखने वाले सत्पुरुष, एक तो हजार-बारह सौ वर्ष पूर्व शंकराचार्य हुए थे और दुसरे उन्नीसवीं शताब्दी के अंत में स्वामी विवेकानन्द हु।"

बिपिन चन्द्र पाल: "स्वामी विवेकानन्द का सन्देश, यद्यपि सर्वविदित वेदांत की शब्दावली में दिया गया था, तथापि वह वस्तुतः आधुनिक मानवता को उनके गुरुदेव का सन्देश था। स्वामी विवेकानन्द का सन्देश वस्तुतः आधुनिक मानवता का सन्देश था। उन्होंने अपने देशवासियों का आह्वान करते हुए कहा – “मनुष्य बनो।”

महात्मा गाँधी: "मैं आज (6 फरवरी 1921 को) यहाँ (बेलूर मठ में) स्वामी विवेकानन्द के जन्म-दिवस पर उनकी पुन्य स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित करने आया हूँ। मैने स्वामी विवेकानन्द के ग्रन्थ बड़े ही मनोयोग के साथ पढ़े हैं और इसके फलस्वरूप देश के प्रति मेरा प्रेम हजारों-गुना बढ़ गया है। युवकों से मेरा अनुरोध है कि जिस स्थान पर स्वामी विवेकानन्द ने निवास और देहत्याग किया, वहाँ से कुछ प्रेरणा लिए बिना, खाली हाथ न लौटें।"

पं. जवाहर लाल नेहरु: "प्राचीन भारत में पगे और भारतीय परम्परा के गर्व से परिपूर्ण, विवेकानन्द का जीवन की समस्याओं के प्रति द्रष्टिकोण अत्याधुनिक था। स्वामी विवेकानन्द प्राचीन और वर्तमान भारत के बीच वे एक सेतु के समान थे। ....मुझे पता नहीं कि आज की युवा पीढ़ी में से कितने लोग स्वामी विवेकानन्द के लेख तथा व्याख्यान पढ़ते हैं, पर मैं अपने काल की बात कह सकता हूँ। मेरी पीढ़ी के अनेक युवक उनसे अत्यधिक प्रभावित हुए थे और मेरा विचार है कि वर्तमान पीढ़ी भी यदि स्वामी जी के व्याख्यान और उनकी रचनाओं का अनुशीलन करे, तो उसका बड़ा उपकार होगा, वे काफी कुछ सिख सकेंगे| प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से उन्होंने अर्तमान भारत को सशक्त रूप से प्रभावित किया था और मेरा विश्वास है कि हमारी युवा पीढ़ी स्वामी विवेकानन्द के अंतर से प्रवाहमान ज्ञान, प्रेरणा और उत्साह के स्रोत से लाभ उठाएंगी।... श्रीरामकृष्ण परमहंस जैसे लोग, स्वामी विवेकानन्द जैसे लोग और महात्मा गाँधी जैसे लोग – विश्व की महान संयोजक शक्तियाँ हैं। "

विनोबा भावे: "विवेकानन्द ने हमें, न केवल अपनी शक्ति के विषय में सजग बनाया, बल्कि उन्होंने हमारे दोषों तथा दुर्बलताओं के प्रति भी हमारा ध्यान आकृष्ट किया। भारतवर्ष उन दिनों तमोगुण (अज्ञान तथा अविवेक) में डूबा हुआ था और अपनी दुर्बलता को ही अनासक्ति तथा शान्ति समझने की भूल कर बैठा था। इसीलिए स्वामीजी ने तो यहाँ तक कहा कि आलस्य तथा प्रमाद की तुलना में आपराधिक सक्रियता भी वांछनीय है। उन्होंने लोगों को इस विषय में सचेत किया कि वे जिस तामसिक अवस्था में स्थित हैं। इस बात को तथा उसे तोड़कर बहार निकल आने की आवश्यकता को समझें, ताकि वे सीधे खड़े होकर अपने जीवन में वेदांत की शक्ति की अनुभूति कर सकें।"

चक्रवर्ती राजगोपालचारी: "स्वामी विवेकानन्द ने हिन्दू धर्म को बचाया और इस प्रकार भारत की रक्षा कि| वे न होते तो हम अपना धर्म गँवा बैठते और स्वाधीन भी नहीं हो पाते। अतः सभी बातों के लिए हम स्वामी विवेकानन्द के ऋणी हैं| मेरी कामना है कि उनका विश्वास, उनका साहस और उनका विवेक हमें सदा सर्वदा प्रेरित करता रहे, ताकि उनसे मिली सम्पदा को हम सुरक्षित रख सकें।"

डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन: "आज हम केवल अपने देश के नही, अपितु सारे विश्व के इतिहास में एक संकट के दौर से गुजर रहे हैं। यदि स्वामी विवेकानन्द ने हमें कोई सन्देश दिया है, तो वह यही है कि अपनी निज की आध्यार्मिक शक्तियों पर विश्वास रखो| मनुष्य के पास आध्यात्मिक शक्तियों का अक्षय भण्डार है। उसकी आत्मा सर्वोपरि है| मानव अद्वितीय है। जगत में कुछ भी अपरिहार्य नही है और हम अपने सम्मुख आनेवाली भीषणतम विपत्तियों तथा बधओंप्र विजय पा सकते हैं| बस, हमें आशा का परित्याग नही करना चाहिए। उन्होंने हमें संकट में सहनशीलता की शिक्षा दी, दुःख में धैर्य और निराशा में उत्साह दिया। उहोने कहा – “ब्रह्म रूपों से भ्रमित न होओ। सबके अन्तराल में दैवी इच्छ छिपी हुई है,  इस विश्व में एक उद्देश्य निहित है। इस उद्देश्य के साथ सहयोग करो, उसे प्रयत्नपूर्वक अर्जित करो।” 

इस प्रकार हम देखते हैं कि भारत की स्वतंत्रता में स्वामीजी का योगदान अविस्मरणीय है। स्वामी विवेकानंद को स्मरण किये बिना आज़ादी का अमृत महोत्सव अधूरा ही रह जायेगा। स्वयं के विषय में बोलते हुए एक बार स्वामीजी ने कहा था कि वे ‘घनीभू भारत’ हैं। वस्तुतः उनका भारत-प्रेम इतना गहन था कि आख़िरकार वे भारत की साकार प्रतिमूर्ति ही बन गए थे। विवेकानंद तथा भारत मिलकर एकाकार हो गए थे।

निवेदिता के निम्नलिखित शब्दों में इसी विश्वास की प्रतिध्वनि है – “स्वामी विवेकानन्द का महानतम भाव था।... भारत ही उनके ह्रदय में धड़कता था, भारत ही उनकी धमनियों में प्रवाहित होता था, भारत ही उनका दिवा-स्वप्न था और भारत ही उनकी सनक थी। इतना ही – साक्षात् भारत, उसकी आध्यात्मिकता, उसकी पवित्रता, उसकी मेधा, उसकी शक्ति, उसकी अन्तर्द्रष्टि तथा उसकी नियति के प्रतिक बन गए थे।”

  • रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम हॉस्पीटल, वृन्दावन के प्रभारी स्वामी कालीकृष्णानन्द महाराज