श्री बाँकेबिहारी महाराज आज से फूलों एवं लता-पताओं से बने बंगला में विराजमान होकर देंगे दर्शन

  • Tuesday April 12 2022 - 09:26 AM
  •  

वृन्दावन। भीषण गर्मी का अहसास अब जन-जन के आराध्य ठा. बाँकेबिहारी महाराज को भी होने लगा है। अपने आराध्य को गर्मी से राहत देने के लिए मंदिर के सेवायत गोस्वामी और भक्तजन देशी सुगंधित पुष्पों एवं लता-पताओं के बंगला में विराजमान करने की तैयारी कर रहे हैं। आज यानि 12 अप्रेल कामना एकादशी से ठाकुर बाँकेबिहारी महाराज फूलों के बंगलाओं में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। नित नए बंगला मंदिर में सजाए जाएंगे। पुष्पों और लता-पताओं के बंगला सजने का यह क्रम 28 जुलाई श्रावण माह की हरियाली अमावस तिथि रहेगा। 

गर्मी में आराध्य श्री बाँकेबिहारी महाराज को शीतलता प्रदान करने के लिए चली आ रही प्राचीन परंपरा का 12 अप्रैल से निर्वहन होने जा रहा है। विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में कामदा (फूलडोल) एकादशी से जन-जन के आराध्य ठाकुर जी नित्य प्रतिदिन प्रार्थी एवं साय बेला में देसी विदेशी सुगंधित फूलों से बने बंगले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। 

मंगलवार को कामदा एकादशी को प्रारंभ होने वाले फूल बंगला सजाने का क्रम 28 जुलाई श्रावण मास की हरियाली अमावस्या तक जारी रहेगा। सुप्रसिद्ध बाँकेबिहारी मंदिर के साथ ही वृन्दावन के ठाकुर राधा वल्लभ मन्दिर, ठाकुर राधारमण मंदिर, ठाकुर राधा दामोदर, ठाकुर राधाश्याम सुंदर मंदिर , ठाकुर राधागोपीनाथ, ठाकुर राधागोविन्द देव, ठाकुर राधा मदनमोहन एवं ठाकुर गोकुलानन्द मंदिर समेत साढे पांच हजार मंदिरों में भी फूल बंगला में भगवान विराजमान होंगे। 

श्री बाँकेबिहारी मंदिर के सेवायत श्रीवर्धन गोस्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि अपने आराध्य को शीतलता प्रदान करने के लिए फूल बंगले सजाए जाते हैं। कामदा एकादशी से फूल बंगले सजाने का क्रम शुरू होगा और हरियाली अमावस्या तक अनवरत जारी रहेगा। इन फूल बंगला के लिए आसपास के गांवों के ग्रामीण अपने खेतों में फूलों का उत्पादन करते हैं जिन्हें वह ठाकुर जी के बंगले के लिए लेकर आते हैं साथ ही इन लोगों द्वारा  ही फूल बगले बनाए जाते हैंं। फूल बंगला निर्माण में प्रतिदिन बड़ी मात्रा में फूलों का प्रयोग होता है। 

मन्दिर के गोस्वामी ने बताया कि इस विधा में लगे कारीगरों को भी इसका लाभ मिलता है। यह वर्षों पुरानी सेवा परंपरा है। ठाकुर बांकेबिहारीलाल के प्राकट्यकर्ता संगीत सम्राट स्वामी हरिदास ने आराध्य के फूलबंगले की सेवा प्रारंभ की थी।

स्वामीजी बांके बिहारी जी की प्राकट्य स्थली निधिवन राज मंदिर में गर्मी के दिनों में नित  आराध्य को नए फूलबंगले में विराजित करते थे। ठाकुरजी की राग सेवा करते हुए स्वामीजी की भावना थी कि गर्मी के दिनों में फूल और पत्तियों से बने डोले में विराजे ठाकुरजी को शीतलता मिलती है। भाव सेवा के अनुररूप आराध्य को फूल और पत्तियों से बने डोले में विराजित कर सेवा करते थे। परंपरा का निर्वहन करते हुए बांकेबिहारीजी के सेवायतों ने भी गर्मी के दिनों में फूलबंगला परंपरा बरकरार रखी हुई है।

शुरूआती दौर में साधारण दिखने वाले फूल बंगला में रायबेल और चमेली के फूलों का ही अधिक इस्तेमाल होता था लेकिन वर्तमान में बंगला को और अधिक सुन्दरता प्रदान करने के लिए देशी विदेशी फूलों का भी इस्तेमाल बंगला बनाने में किया जाने लगा है। इसके लिए आगरा, दिल्ली, बेंगलौर, कोलकाता की मंडी से भी फूल जाए जाते हैँ।