बाबा केदारनाथ के कपाट खुले, पीएम मोदी के नाम से हुई पहली पूजा
रुद्रप्रयाग। हर-हर महादेव के जयकारों से केदारनगरी उस समय गूंज उठी, जब 6 मई की सुबह 6 बजकर 25 मिनट पर बाबा केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। इस मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे और उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर भी केदार धाम खुलने की सूचना साझा की। बाबा केदारनाथ के कपाट खुलन के साथ ही परंपरा के अनुसार धाम में पूजा अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु केदार धाम पहुंचे।
केदारनाथ धाम में हज़ारों की संख्या में श्रद्धालु देश और विदेश से भी पहुंच चुके हैं। बाबा के कपाट खुलने से पहले ही ठंड के बावजूद गुरुवार देर रात से ही बाबा केदार मन्दिर में भीड़ देखी गई। सुबह सरस्वती नदी तक भक्तो की भीड़ लगी देखी गई. बाबा केदार के दर्शन के लिए भक्तों की भारी उमड़ी और सेल्फी व फोटो लेने की होड़ मच गई। कई लोग अपने परिजनों को फोन के ज़रिये बाबा के दर्शन करवाते देखे गए।
- केदार बाबा के मंदिर को 10 क्विंटल फूलों से सजाया गया है।
- हाल में बर्फबारी के कारण यहां मौसम ठंडा है और पहाड़ियों पर बर्फ की चादर दिख रही है।
- पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर लिखा कि उन्हें बाबा केदार के कपाट खुलने के मौके पर मौजूद रहने का सौभाग्य मिला।
- विधि विधान के साथ सुबह 6.25 बजे मंदिर के कपाट खुले।
डोली पहुंचने के बाद से ही धाम हुआ भक्तिमय
इससे पहले गुरुवार को बाबा की चलविग्रह उत्सव डोली बाबा केदारनाथ धाम पहुंची। हजारों श्रद्धालुओं और बमबम भोलेनाथ के जयकारों के साथ डोली धाम में पहुंची। शुक्रवार सुबह बाबा के कपाट खुलने के बाद इस डोली को मन्दिर के अंदर विराजमान किए जाने की परंपरा शुरू हुई। रात भर डोली मन्दिर के भंडार में विश्राम के लिए रही और वहीं डोली के साथ हज़ारों की तादाद में श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।
पहली बार आदि गुरू शकराचार्य की मूर्ति के होंगे दर्शन
गौरतलब है कि केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं को पहली बार आदि गुरु शंकराचार्य की समाधि स्थल में शंकराचार्य की मूर्ति के भी दर्शन होंगे। साल 2013 की आपदा में स्थल तबाह हुआ था, जिसका पुनर्निर्माण किया गया है। इसी समाधि स्थल पर पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे थे।



