संवर रहा जोधपुर झाल वेटलैंड, 1493 जलीय पक्षी मिले

  • Monday January 19 2026 - 12:23 AM
  •  

  • छठी साल की गणना में सर्वाधिक 72 प्रजातियां दर्ज
  • पहली बार 11 संकटग्रस्त जलीय पक्षी प्रजातियां भी हुईं रिकॉर्ड

मथुरा। फरह क्षेत्र के समीप जोधपुर झाल वेटलैंड पर एशियन वॉटरबर्ड सेंसस-2026 के अंतर्गत रविवार को जलीय पक्षियों की गणना की गई। लगातार छठे वर्ष की इस गणना में इस बार अब तक की सर्वाधिक 72 जलीय पक्षी प्रजातियां रिकॉर्ड की गईं। इनमें 11 संकटग्रस्त प्रजातियां भी शामिल रहीं। कुल 1493 जलीय पक्षियों की उपस्थिति दर्ज की गई, जिससे वेटलैंड की जैव विविधता और संरक्षण प्रयासों की सफलता स्पष्ट हुई है।

रविवार को आगरा मंडल के चार प्रमुख वेटलैंड्स पर जलीय पक्षियों की गणना की शुरुआत की गई। इसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा फरह क्षेत्र के निकट विकसित जोधपुर झाल वेटलैंड से की गई। यह गणना वेटलैंड इंटरनेशनल के उत्तर प्रदेश कोऑर्डिनेटर नीरज श्रीवास्तव के निर्देशन एवं बीआरडीएस के पक्षी विशेषज्ञ डॉ के.पी. सिंह के नेतृत्व में की गई।

इस गणना अभियान में डॉ अमोल शिरोमणी, पलक गुप्ता, निधि यादव, अनुज यादव, अनुज परिहार, आकांक्षा, डॉ राहुल गुप्ता, अदनान, अमित दिवाकर, विनोद, अनुराग पचौरा, उदय, बलवंत और जीतू का सहयोग रहा। वेटलैंड्स इंटरनेशनल के इस गणना कार्यक्रम में बायोडायवर्सिटी रिसर्च एंड डेवलपमेंट सोसाइटी (BRDS), परिषद एवं वन विभाग मथुरा का सहयोग रहा।

जोधपुर झाल वेटलैंड पर एशियन वॉटरबर्ड सेंसस-2026 के अंतर्गत जलीय पक्षियों की गणना के लिए दो समूहों में विभाजित आठ विशेषज्ञ सदस्यों ने लगभग तीन घंटे में 80 हेक्टेयर क्षेत्रफल में सर्वे किया। इस दौरान 72 प्रजातियों की पहचान की गई, जिनमें 32 प्रवासी एवं 40 स्थानीय प्रजातियां रिकॉर्ड की गईं। जोधपुर झाल का विकास परिषद द्वारा किया गया है, जबकि इसकी देखरेख वन विभाग द्वारा की जा रही है।

सबसे अधिक संख्या में मिले बार-हेडेड गूज, कॉमन टील और नॉर्दन पिनटेल

गणना के दौरान जोधपुर झाल वेटलैंड पर बार-हेडेड गूज 387, नॉर्दन पिनटेल 249 और कॉमन टील 184 की सर्वाधिक संख्या दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त गैडवाल, यूरेशियन विजन, नॉर्दन शोवलर, पाइड एवोसेट, लिटिल स्टिंट, टैमिनिक स्टिंट, सैंडपाइपर, वैगटेल, ब्लैक-विंग स्टिल्ट, पर्पल स्वैम्प हेन, कॉमन स्नाइप सहित अनेक प्रजातियां रिकॉर्ड की गईं।

पहली बार 11 संकटग्रस्त प्रजातियां भी हुईं रिकॉर्ड

जोधपुर झाल वेटलैंड पर आईयूसीएन की संकटग्रस्त सूची में शामिल 11 जलीय पक्षी प्रजातियां रिकॉर्ड की गईं। इनमें सारस क्रेन, ब्लैक-नेक्ड स्टॉर्क, पेंटेड स्टॉर्क, ओरिएंटल डार्टर, कॉमन पोचार्ड, वूली-नेक्ड स्टॉर्क, ब्लैक-टेल्ड गोडविट, ग्रेटर स्पॉटेड ईगल, रिवर टर्न, फेरुजिनस पोचार्ड और ब्लैक-हेडेड आइबिस शामिल हैं।

संरक्षण और निगरानी से बढ़ रही पक्षियों की संख्या

आगरा वृत्त के मुख्य वन संरक्षक अनिल पटेल के अनुसार वन विभाग द्वारा निरंतर निगरानी और सुरक्षा के चलते प्रवासी पक्षियों पर मंडरा रहे खतरों में कमी आई है, जिससे वेटलैंड्स पर पक्षियों की आवक लगातार बढ़ रही है।

नमभूमि विस्तार से बढ़ रही वेटलैंड पर निर्भर प्रजातियां

पक्षी विशेषज्ञ डॉ के.पी. सिंह ने बताया कि जोधपुर झाल वेटलैंड पर नमभूमि क्षेत्रफल को नए जलीय हेबिटेट विकसित कर विस्तारित किया गया है। इसके परिणामस्वरूप वेटलैंड पर निर्भर जलीय पक्षियों की प्रजातियों और संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।