तहखानों, दीवारों और अलमारियों ने उगला कैश और सोना, कथित कारोबारी पीयूष जैन गिरफ्तार

  • Tuesday December 28 2021 - 07:43 AM
  •  

कानपुर। उत्तर प्रदेश में इत्र के कथित कारोबारी पीयूष जैन के कन्नौज और कानपुर में बने घर और गोदामों से करोड़ों की नकदी और सोना बरामद हुआ है। यहां बेहिसाब दौलत को देख छापा मारने पहुंचीं इनकम टैक्स विभाग के अफसर भी हैरान रह गए। ऑपरेशन बिग बाजार में जहां देखो वहां पैसा और सोना बिखरा पड़ा मिला। पीयूष के काले कारोबार के इस खजाने की जाच के साथ ही उसे गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। 

पीयूष जैन के ठिकानों पर जीएसटी इंटेलिजेंस, केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) और आयकर विभाग के संयुक्त छापे को ऑपरेशन बिग बाजार नाम दिया गया। इस छापे में अब तक करीब 187 करोड़ कैश, 250 किलो चांदी और करीब 25 किलो सोना मिला है। कार्रवाई में अचल संपत्ति कृषि भूमि भी मिलने की बात भी सामने आ रही है।

इनकम टैक्स विभाग की कार्रवाई में पीयूष जैन के आनंदपुरी घर में तहखाना मिला है। इस तहखाने में कैश और सोने की ईंट मिली हैं। तयखाने में कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें धनकुबेर की करतूत कैद हो गई। इसी तहखाने में पीयूष जैन द्वारा काला धन छिपाए जाने की आशंका है। ये तहखाना दीवार काटने के बाद सामने आया।

धन कुबेर पीयूष जैन के घर पर डीजीजीआई की चली छापेमारी के दौरान घर में नोटों के इतने बंडल मिले कि अधिकारियों को उन्हें गिनना मुश्किल हो गया। 24 दिसंबर से शुरू की गई कार्रवाई में दो दिन से अधिक का समय लग गया है. कर्रवाई जारी है। बिस्तर, दीवारों, अलमारी और तहखानों में बेहिसाब दौलत भरी हुई थी। हर तरफ नोटों के बंडल और सोना देख इनकम टैक्स के अधिकारी भी हैरान रह गए।

ऊॅॅक द्वारा ने पीयूष जैन के कन्नौज स्थित फैक्ट्री पर जब छापेमारी की तो वहां अंडरग्राउंड टंकी मिली। सील की गई इस टंकी में 17 करोड़ कैश और 23 किलो सोना मिला है। सोने पर इंटरनेशनल मार्का है। छापेमारी के दौरान पूरे इलाके में गहमा गहमी रही। पुलिस का भी भारी पहरा लगा रहा। इस कर्रवाई के बाद पीयूष जैन को गिरफ्तार कर लिया गया।

इत्र कारोबारी पीयूष जैन के तमाम आवास और गोदामों पर इनकम टैक्स की छापेमारी के बाद जो बरामदगी हुई उसके बाद यह कार्रवाई चर्चा में आ गई। आईटी और जीएसटी विभाग की ओर से की गई कार्रवाई में 187 करोड़ रुपये से अधिक की बेहिसाबी नकदी बरामद हुई। साथ ही बेहिसाब कच्चा और तैयार माल बरामद होने के बाद उसे सीजीएसटी अधिनियम की धारा 67 के तहत गिरफ्तार किया गया। मेडिकल कराने के बाद पीयूष को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।