क्या है सूडान संकट? कितने भारतीय हैं फंसे; नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए अब तक भारत ने क्या किए प्रयास
नई दिल्ली। अफ्रीकी देश सूडान इस समय गृहयुद्ध की चपेट मे है। यहां सेना और अर्धसैनिक बलों के बीच सत्ता पर कब्जे को लेकर जंग छिड़ी हुई है। दोनों में से कोई भी पीछे हटने को तैयार नहीं है। राजधानी खार्तूम में स्थित मुख्य एयरपोर्ट सेना और अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्स (आरएसएफ) के बीच लड़ाई का स्थल रहा है। इन सबके बीच कई देश बीते कई दिनों से अपने नागरिकों को वहां से सुरक्षित निकालने की कोशिश कर रहे हैं। भारत ने भी सूडान में फंसे अपने नागरिकों को वापस लाने के लिए ‘ऑपरेशन कावेरी’ शुरू किया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, सूडान में करीब 4,000 भारतीय रहते हैं।
सत्ता पर कब्जे की जंग
सूडान की सेना ने अक्टूबर 2021 में तख्तापलट कर सत्ता पर कब्जा कर लिया था और तब से वह एक संप्रभु परिषद के माध्यम से देश चला रही है। सूडान पर नियंत्रण को लेकर देश की सेना और शक्तिशाली अर्द्धसैनिक बलों के बीच लगातार खींचतान जारी है। भीषण लड़ाई के बीच दोनों पक्ष तोपखानों, भारी गोलाबारूद और लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल कर रहे हैं। दोनों के बीच सत्ता पर कब्जे को लेकर जंग छिड़ी हुई है। एक तरफ सत्ता की बागडोर संभाल रखे सशस्त्र बलों के कमांडर जनरल अब्देल फत्ताह बुरहान और दूसरी तरफ अर्धसैनिक बलों, रैपिड सपोर्ट फोर्सेज के प्रमुख जनरल मोहम्मद हमदान डागलो के बीच संघर्ष चल रहा है।
आपको बता दें कि दोनों पूर्व सहयोगी रहे हैं, जिन्होंने साल 2021 में सैन्य तख्तापलट किया था। अक्टूबर 2021 में तख्तापलट कर देश की बागडोर अपने हाथों में लेने वाले बुरहान और उनके प्रतिद्वंद्वी, रैपिड सपोर्ट फोर्स के जनरल मोहम्मद हमदान डगलो ने बार-बार दोहराया है कि जब तक असैन्य सरकार का चुनाव नहीं हो जाता, तब तक वे देश की रक्षा करेंगे, हालांकि, दोनों ही राजनीतिक समझौतों पर हस्ताक्षर करने में विफल रहे हैं।
भारत ने शुरू किया ‘ऑपरेशन कावेरी’
भारत ने सूडान में फंसे लगभग 4,000 भारतीयों की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए ‘ऑपरेशन कावेरी’ शुरू किया है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। जयशंकर ने ट्वीट कर कहा, ‘सूडान में फंसे हमारे नागरिकों को वापस लाने के लिए आपरेशन कावेरी शुरू हो गया है। करीब 500 भारतीय सूडान के बंदरगाह पहुंच गए हैं। कई और रास्ते में हैं।’ ‘हमारे जहाज और विमान उन्हें (भारतीयों) घर वापस लाने के लिए तैयार हैं। सूडान में हमारे बंधुओं को सभी प्रकार की सहायता प्रदान करने को प्रतिबद्ध।’
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीट किया
जयशंकर ने ट्वीट किया, ‘यूएई के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायेद अल नाहयान का सूडान की स्थिति पर विचारों का आदान प्रदान करने के लिए धन्यवाद। हमारा लगातार समन्वय मददगार है।’ विदेश मंत्री जयशंकर ने सऊदी अरब के विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान से भी बातचीत की। उन्होंने ट्वीट किया, ‘सऊदी अरब के विदेश मंत्री फैसल बिन फहरान से अभी-अभी बात की। हम करीबी सम्पर्क कायम रखेंगे।’
संयुक्त राष्ट्र के संपर्क में है भारत
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सूडान के लगातार बिगड़ते हालात पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस से भी चर्चा की है। चर्चा के दौरान उन्होंने कूटनीतिक प्रक्रियाओं के माध्यम से जमीनी स्तर पर एक व्यावहारिक युद्ध-विराम लागू कराए जाने के विकल्पों पर बातचीत की थी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने इससे पहले कहा था, ‘सूडान में संघर्ष कम नहीं हुआ है, लड़ाई जारी है और स्थिति तनावपूर्ण है। उन्होंने कहा, ‘हम सूडान के घटनाक्रम पर बेहद करीबी नजर रख रहे हैं। बागची ने कहा था कि भारत, अमेरिका, ब्रिटेन, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, मिस्र जैसे देशों के साथ संपर्क में है।
पीएम मोदी की समीक्षा बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिंसा प्रभावित सूडान में भारतीयों की स्थिति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को एक हाईलेवल मीटिंग की अध्यक्षता की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को घटनाक्रम पर करीब से नजर रखने और भारतीयों की सुरक्षा का लगातार मूल्यांकन करने व उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया। पीएम मोदी ने अधिकारियों को तेजी से बदलते सुरक्षा परिदृश्य और विभिन्न विकल्पों की व्यवहार्यता को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित निकासी योजनाओं को तैयार करने का भी निर्देश दिया। बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, सूडान में भारत के राजदूत, वायु सेना और नौ सेना के प्रमुख, विदेश और रक्षा मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों के अलावा वरिष्ठ राजनयिक डिजिटल तरीके से शामिल हुए थे।



