ताजमहल में नमाज पढ़ने वाले तेलंगाना के तीन पर्यटक समेत चार गिरफ्तार
अंशु पारीक
आगरा। ताजमहल में नमाज पढ़ने वाले तेलंगाना के तीन पर्यटक समेत चार पर्यटकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सीआईएसएफ ने पर्यटकों को ताजगंज थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने चारों पर्यटकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई कर रही है।
बीते दिन बुधवार को 03 तेलंगाना और 01 आजमगढ़ का रहने वाले चार पर्यटक ताजमहल घूमने आए थे। इस दौरान उन्होंने ताजमहल परिसर स्थित शाही मस्जिद में शाम को नमाज अदा की। इस पर वहां तैनात सीआईएसएफ के जवानों ने चारों पर्यटकों को हिरासत में लिया था। ताजगंज थाना पुलिस ने सीआईएसएफ की शिकायत पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अनुसार ताजमहल की शाही मस्जिद में शुक्रवार को ही नमाज अदा की जाती है। एएसआई एक्ट और सुप्रीमकोर्ट के आदेश के मुताबिक अन्य दिनों में वहां पर नमाज अदा करना और अन्य नई परंपरा शुरू करने पर रोक है। इसलिए पर्यटकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने चारों पर्यटकों के खिलाफ 147/153 में मुकदमा दर्ज किया है।
इस मामले के बाद ताज महल मस्जिद इंतजामिया कमेटी के अध्यक्ष अब्राहम जैदी का कहना है कि ये सरासर गलत बात है। ताजमहल मस्जिद में नमाज पड़ना गलत नही है। अगर कोई न पढ़ने को लेकर कोई आदेश है तो उसे एएसआई ताज के मुख्य स्मारक पर क्यों चस्पा नही करता। चारों युवा पर्यटक छात्र हैं जो मस्जिद देख नमाज पड़ने के लिए बैठ गए। उनको इसकी कोई जानकारी नही थी कि ताज में नमाज नही पड़ी जाती है।
उधर आरोपी पर्यटक छात्रों का कहना है कि वे सभी पढाई करते हैं। समय मिला तो ताज देखने आ गए। उन्हें बिल्कुल भी ऐसी जानाकरी नही थी कि ताजमहल पर नमाज पढ़ना मना है। अगर ऐसा होता तो कभी नमाज नही पढते।
इस मामले में एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि ताजमहल की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के जवानों ने पाया कि ताजमहल स्थित मस्जिद में छह लोग शाम करीब सात बजे नमाज कर रहे हैं। इस पर सीआईएसएफ के जवानों ने नामज कर रहे छह लोगों को पकड़ने का प्रयास किया। इनमें दो मौके का फायदा उठाकर भाग गए और चार लोगों को पकड़ लिया। उन चार लोगों को थाना ताजगंज के सुपुर्द किया गया और सीआईएसएफ की तहरीर पर थाना ताजगंज में मुकदमा दर्ज दर्ज किया गया। इसमें विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि जो चार लोग सीआईएसएफ के द्वारा पुलिस के सुपुर्द किए गए थे, उनमें तीन लोग तेलंगाना के रहने वाले हैं और एक यूपी के आजमगढ़ का रहने वाला है।



