वृंदावन में श्रीकृष्ण जन्म भूमि मुक्ति के लिए संत समाज ने भरी हुुंकार
- धर्माचार्यों ने कहा- अयोध्या की तरह नहीं करेंगे लंबे समय तक इंतजार
वृंदावन। श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास द्वारा बृहस्पतिवार को रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम के विवेकानंद ऑडीटोरियम में राष्ट्रीय चिंतन शिविर हुआ। इसमें संत, महंत और धर्माचार्यों ने न्यास के पदाधिकारियों के साथ श्रीकृष्ण जन्म भूमि मुक्ति के लिए हुंकार भरी। उन्होंने केंद्र सरकार से कानून बनाकर या फिर न्यायालय के माध्यम से जल्द भव्य श्री कृष्ण मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने को कहा है।
मलूक पीठाधीश्वर राजेंद्र दास महाराज ने कहा कि जिस तरह अयोध्या में राम जन्मभूमि की मुक्त हुई उसी तरह मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि भी मुक्त होकर रहेगी। इसके लिए संत समाज और धर्माचार्य पूरे मनोयोग से तैयार है। न्यास के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कहा कि सभी संतों के आशीर्वाद से लड़ाई को धार दी जाएगी। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति और उसके बाद भव्य मंदिर निर्माण के लिए संगठन द्वारा चरणबद्ध तरीके से जनमानस में जागृति लाने का कार्य किया जा रहा है।
न्यास के संरक्षक आचार्य बद्रीश, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आचार्य आनंद बल्लभ गोस्वामी, ज्ञानेंद्र किशोर गोस्वामी ने संयुक्त रूप से कहा कि श्रीराम जन्मभूमि की लड़ाई बहुत लंबी चली। लेकिन अब लंबी लड़ाई के मूड में नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार या तो कानून बनाकर इसका हल निकाले या फिर न्यायालय के आधार पर जल्द निर्णय हो। राष्ट्रीय सचिव सुधीर शुक्ला, बाल योगेश्वर, लाखन सिंह सिसोदिया, राजेश पाठक ने कहा कि विधर्मियों की निशानियां को जड़ से मिटाना होगा। इसके लिए सभी को एकजुट होने की आवश्यकता है। इससे पूर्व संत महंतों और धर्माचार्यों ने राष्ट्रीय चिंतन शिविर का संयुक्त रुप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
चिंतन शिविर में स्वामी विश्ववेश प्रपनाचार्य, महंत फूलडोल बिहारी दास, महामंडलेश्वर स्वामी सत्यानंद, स्वामी अनिरुद्ध आचार्य, स्वामी आदित्यानंद, महामंडलेश्वर स्वामी सुरेशानंद, महंत विष्णु दास, स्वामी बाल योगेश्वरानंद, भारत किशोर दुबे, करुणा शंकर त्रिवेदी, बनवारी लाल गौड़, कृष्ण कन्हैया पदरेणु, यदुनंदन, आचार्य अवधेश लवानिया, अनिल शास्त्री, ईश्वर चंद्र रावत, अश्वनी शर्मा, रिचा शर्मा, छाया गौतम संजय हरियाणा नरेश ठाकुर संचालन प्रवीण मिश्रा ने किया।



