ठा. राधारमण देव के प्राकट्य महोत्सव पर हुए महाभिषेक, दर्शनों को उमडे़ भक्तजन

  • Saturday May 06 2023 - 10:40 AM
  •  

  •  गोस्वामियों ने दूध, दही, घी, शहद एवं जड़ी बूटियों से किया महाभिषेक
  • शाम को  भक्तों ने किए भव्य फूल बंगला के दर्शन

वृन्दावन। शालिग्राम शिला से स्वयं प्रकटे ठाकुर राधारमण देव का प्राकट्य महोत्सव विभिन्न धार्मिक आयोजनो के मध्य मनाया गया। शुक्रवार सुबह से ही मन्दिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मन्दिर पहुंचे। ठाकुर राधारमण के महाभिषेक के दर्शन करके भक्तों ने अपने को धन्य किया। हर कोई अपने लाड़ले आराध्य के दर्शनों की एक झलक पाने को आतुर दिखाई दिया। मन्दिर के सेवायत गोस्वामियों द्वारा वेदमंत्रों के मध्य मनों दूध, दही, शहद एवं जड़ी बूटियों से ठाकुर राधारमण महाराज का महाभिषेक किया।

शुक्रवार को प्राकट्योत्सव पर सेवायतों ने जैसे ही मन्दिर के गर्भ गृह का पर्दा हटाया वैसे ही दूर-दूर से आए श्रद्धालु राधारमण देव की जय-जयकार करने लगे। घंटे घड़ियाल की ध्वनि और जयकारों से संपूर्ण मन्दिर गुंजायमान हो गया। महाभिषेक का क्रम घंटों चलता रहा। प्राकट्योत्सव के दौरान राधारमणदेव के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ दोपहर तक थमने का नाम नहीं ले रही थी। 

विदेशी भक्तों ने भी लिया भक्ति का आनन्द

प्रभु की प्रत्येक सेवा के दौरान सेवायत गोस्वामियों के साथ प्रभु भक्तों ने पदों का गायन कर अपने आराध्य को पारंपरिक तरीके से रिझाया। विदेशी भक्त इस विलक्षण क्षण को अपने कैमरों में कैद करने से नहीं चूके। आरती के बाद भक्तों को महाभिषेक का प्रसाद वितरण सेवायतों के द्वारा किया गया। श्रद्धालुओं ने शाम से लेकर मन्दिर के पट बंद होने तक भव्य फूल बंगले के दर्शन किए। 

4 घंटे 2100 किलो दूध एवं पंचामृत से हुआ महाभिषेक

मन्दिर के सेवायत अनुराग गोस्वामी ने बताया कि जन-जन के आराध्य ठाकुर राधारमण देव के प्राकट्य महोत्सव के अवसर पर प्रातः आठ बजे से 12 बजे तक भगवान के श्रीविग्रह का महाभिषेक विधिविधान पूर्वक 2100 किलो दूध, दही, घी, शहद, शक्कर, पंचगव्य, सर्वाेषधि, गंधाष्टक, बीजाष्टक सहित 54 औषधियों से किया गया। इसके बाद पारंपरिक समाज गायन के बीच प्रभु का भोग लगाया जाएगा। शाम को छह बजे से साढ़े दस बजे तक प्रभु भव्य फूलबंगला में विराजमान हो भक्तों को दर्शन दिए। 

यह है ठाकुर राधारमण देव की विशेषता

सेवायत अनुराग गोस्वामी ने बताया कि 479 वर्ष पहले चैतन्य महाप्रभु के शिष्य गोपाल भट्ट गोस्वामी की प्रेम भक्ति के वशीभूत होकर प्रभु राधारमण देव का प्राकट्य शिला से हुआ। प्रभु के अनन्य भक्त की यही मनोकामना थी कि एक विग्रह में प्रभु गोविन्द देव का मुख, ठा. गोपीनाथ का वक्षस्थल एवं ठा.मदनमोहन का चरणार्विंद के दर्शन करना था। शालिग्राम शिला से प्राकट्य रुप से दर्शन प्राप्त करने की लालसा को प्रभु ने पूर्ण कर दिया। वैशाख शुक्ल पूर्णिमा की प्रातः प्रभु राधारमण देव के श्रीविग्रह का अवतरित हुआ।  उन्होंने कहा कि मंदिर में गोपालभट्ट गोस्वामी के अनन्य शिष्य दामोदर गोस्वामी के वंशज परिवार प्रभु की सेवा में प्राचीन परंपरा को संजोये हुए हैं।