लखनऊ में शुरू होगी नाइट सफारी, पशु चिकित्सकों के लिए कैडर की मंजूरी जल्द

  • Thursday October 06 2022 - 10:28 AM
  •  

गोरखपुर। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में वन्य जीव संरक्षण के लिए लगातार पहल हो रही है। प्रदेश में सोहगीबरवा समेत चार वन्य जीव संरक्षण केन्द्र शुरू किए जा रहे हैं। इसके अलावा लखनऊ में नाइट सफारी शुरू की जा रही है। वन विभाग के दायरे को लगातार बढ़ाया जा रहा है। इसके अलावा विभाग में पशु चिकित्सकों के लिए कैडर की मंजूरी जल्द दी जाएगी। 

सीएम बुधवार को शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणी उद्यान गोरखपुर में निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान सीएम ने प्राणी उद्यान में मौजूद तेंदुए के दोनों शावकों का नामकरण किया। चिड़ियाघर में नए जन्मे 85 वन्य जीवों का निरीक्षण किया। सीएम ने सफेद बाघिन गीता को क्रॉल से बाड़े में छोड़ा। 

इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार लखनऊ में नाइट सफारी स्थापित करने का काम कर रही हैं। रानीपुर, चित्रकूट में टाइगर सफारी शुरू करने जा रहे हैं। महराजगंज के सोहगीबरवा में गिद्ध रेस्क्यू सेंटर स्थापित कर रहे हैं। वन्यजीवों से जनहानि पर सरकार चार लाख रुपये की सहायता उपलब्ध करा रही हैं।

शुद्ध हो रहीं गंगा

सीएम ने गंगा में बढ़ते जैव विविधता पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि कानपुर के जाजमऊ में पहले गंगा में 14 एमएलडी गंदा कचरा गिरता था। इस पर सरकार ने लगाम लगाई। आज वहां काफी सुधार हुआ है। वह इलाका सेल्फी पॉइंट बन गया है।

प्रयागराज, काशी और मिर्जापुर में आज डॉल्फिन फिर से दिख रहे हैं। वन्यजीवों के संरक्षण के लिए सरकार ने एक और फैसला किया है। वन विभाग में पशु चिकित्सकों का अब तक कोई कैडर नही डिसाइड हुआ था। यहां पशुपालन विभाग से चिकित्सक डेप्यूटेशन पर लाए जाते हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि वन विभाग को इसके लिए काम करना चाहिए। 

बढ़ रहा है प्रदेश में हरित क्षेत्र

सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सूबे में वन विभाग के क्षेत्र को बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं। वन विभाग ने पिछले पांच साल में 100 करोड़ पौधे लगाए। इस वर्ष 33 करोड़ वृक्ष लगाए गए हैं। उन्होंने ताकीद की कि इस समय बेतहाशा हो रही बारिश प्रकृति के साथ छेड़छाड़ का नतीजा है।

इस दौरान राज्यमंत्री पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग केपी मलिक, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव केपी दूबे, राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन जैव विविधता सलाहकार डॉ संदीप बोहरा, अपर मुख्य सचिव पर्यावरण मनोज सिंह, प्राणी उद्यान के निदेशक डॉ एच राजा मोहन, पशु चिकत्साधिकारी डॉ योगेश सिंह मौजूद रहे। 

चंडी और भवानी रखा शावकों का नाम

सीएम योगी ने प्राणी उद्यान में मौजूद तेंदुए के दोनों शावकों का नामकरण किया। उनका नाम चंडी और भवानी रखा। इसके साथ ही तेंदुए के शावकों को नए नाम की पहचान मिल गई है। मुख्यमंत्री ने दोनों को दुलार किया और उन्हें दूध भी पिलाया। मुख्यमंत्री ने चिड़ियाघर के द्वारा जारी प्रमाण पत्र में उनके नाम अपने हाथ से लिखे।

बाड़ें में आकर बारिश में खूब भीगी गीता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को चिड़ियाघर में सफेद बाघिन गीता को क्रॉल से मुख्य बाड़े में छोड़ दिया। मूसलाधार बारिश के बीच कार्यक्रम का आयोजन हुआ। क्रॉल से निकलने के बाद सफेद बाघिन ने बारिश का खूब आनंद लिया। इसके बाद सफेद बाघिन अब दर्शकों के लिए मुख्य बाड़े में मौजूद रहेगी। सफेद बाघिन को 20 जून को लाया गया था। उसका नाम गीता रखा गया था।