काशी और अयोध्या की तर्ज पर मुख्यमंत्री चाहते हैँ ब्रज का विकास

  • Friday April 11 2025 - 12:15 AM
  •  

  • उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित हुए विजन डाक्यूमेंट 2047 की बैठक

मथुरा। बाबा विश्वनाथ की नगरी बनारस और भगवान श्री राम की जन्मभूमि अयोध्या की तर्ज पर अब योगिराज भगवान श्रीकृष्ण की जन्म और लीला भूमि (ब्रज) के विकास पर काम होने जा रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्लान मांगा है। इसी प्लान के तहत विजन डाक्यूमेंट- 2047 तैयार करने के लिए बुधवार को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद कार्यालय सभागार् में आयोजित बैठक में उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने कहा कि मुख्यमंत्री जी चाहते हैँ मथुरा-वृंदावन के साथ सम्पूर्ण ब्रज का विकास तीर्थ स्थल के रूप में किया जाए। इस पर तेजी से काम करने की जरूरत है। मुख्यमंत्री की इच्छा प्रयागराज, अयोध्या, काशी की तर्ज पर ब्रज का विकास करने की है। इस दौरान ब्रज तीर्थ विकास परिषद के प्रस्तावित विभिन्न प्रोटेक्ट का प्रजेंटेशन किया गया। इसका केंद्र बिंदु वृंदावन में बाँकेबिहारी कोरिडोर को मानते हुए विकास की योजनाओं पर चर्चा हुई। वर्तमान में मौजूद प्रमुख मार्ग और उनसे जुड़ने वाले सम्पर्क मार्गों पर भी चर्चा की गई। इसमें ब्रज 84 कोस परिक्रमा मार्ग भी शामिल रहा। सिंचाई विभाग द्वारा वृंदावन में बनने वाले रिवर फ्रंट और घाटों के विकास की  योजना से अवगत कराया। 

बैठक में शामिल हुए यमुना एक्सप्रेस वे ओद्योगिक विकास प्राधिकरण के  एसीईओ नगेंद्र प्रताप ने पूर्व में बनाए जा चुके ब्रज डवलपमेंट मांगा 2041 के और विस्तार की आवश्यता बताई। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के सीमा विस्तार और वृंदावन को अतिक्रमण मुक्त करने पर बल दिया। उन्होंने कहा जब तक परिक्रमा मार्ग से यमुना का जल नजर नहीं आ जाता है, उस स्थिति में बिहारी जी कोरिडोर की सुंदरता श्रद्धालुओं के मन में कैसे प्रभाव डाल सकेगी। इस पर ठोस कार्य योजना के तहत काम होगा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने जनपद के वर्तमान परिदृश्य को रखते हुए भविष्य की योजनाओं के लिए हो रहे काम से अवगत कराया।

बैठक में एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय, यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नगेंद्र प्रताप, मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह, नगर आयुक्त शशांक चौधरी, एमवीडीए सचिव अरविंद द्विवेदी, डीएफओ रजनीकांत मित्तल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

चर्चा के मुख्य बिंदु

  • बांकेबिहारी कॉरिडोर और आसपास सम्पर्क मार्ग
  • वृंदावन में यमुना के घाटों का सौंदर्यीकरण राम की पैडी की तर्ज पर
  • वृंदावन वाईपास हाईवे से यमुना एक्सप्रेस वे को जोड़ना
  • वाईपास वृंदावन, गोकुल, फरह, गोवर्धन, राधाकुंड और जैत तक
  • यमुना पर बिहारी जी मंदिर के सामने सिग्नेचर ब्रिज
  • बरसाना में रंगीली चौक का सौंदर्यीकरण
  • वृंदावन् पानी गाँव पर डिजिटल म्यूजियम
  • यमुना एक्सप्रेस वे से अक्रूर घाट तक सड़क मार्ग
  • वृंदावन रेल लाइन पर सड़क मार्ग 
  • ब्रज 84 कोस परिक्रमा मार्ग का निर्माण
  • वृंदावन् रिवर फ्रंट का विकास
  • तेहरा वृंदावन मार्ग का निर्माण
  • हैलीपेड का विस्तार
  • वृंदावन परिक्रमा मार्ग
  • अन्य तीर्थ स्थलों के विकास की योजना

सिंचाई और पीडब्ल्यूड़ी अधिकारियों पर डीएम नाराज

डीएम सीपी सिंह ने पीडब्ल्यूड़ी और सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंताओं की गैर मौजूदगी पर तीखी नाराजगी जताई। उन्होंने मौजूद सहायक अभियंताओं से इसका भविष्य की बैठक में इस बात का ध्यान रखने को कहा।