श्रीबांकेबिहारी मंदिर की गोलकों से निकला खजाना: श्रद्धालुओं ने किया 22.27 करोड़ से अधिक दान
वृंदावन। ठाकुर श्री बांके बिहारी महाराज के दरबार में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। मंदिर कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2025 से 5 नवंबर 2026 के बीच विभिन्न अंतरालों में खोली गईं मंदिर की गोलकों से 22,27,79,025 रुपये (लगभग 22 करोड़ 27 लाख रुपये) की दान राशि प्राप्त हुई है।
मंदिर प्रशासन द्वारा समय-समय पर गोलकों की संख्या बढ़ाई गई है, जिससे दान राशि की गिनती में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्राप्त विवरण के अनुसार:
अक्टूबर 2025: लगभग 2 महीने के अंतराल में 16 स्टील एवं 1 काठ की गोलक से ₹2,62,56,782/- की राशि प्राप्त हुई।
जनवरी 2026: लगभग 2 महीने के अंतराल के बाद 16 स्टील और 1 काठ की गोलक से ₹4,65,83,515/- का दान निकला।
अप्रैल से मई 2026: लगभग 1.5 महीने के अंतराल में (इस दौरान 7 नई स्टील की गोलक बढ़ाकर कुल संख्या 23 स्टील व 1 काठ की की गई) कुल ₹4,90,24,687/- प्राप्त हुए।
जुलाई 2026: लगभग 2.5 महीने के अंतराल के बाद (इस बार 9 और नई स्टील गोलक बढ़ाकर कुल 32 स्टील व 1 काठ की गोलक की गईं) कुल ₹3,90,11,694/- की राशि सामने आई।
अक्टूबर एवं नवंबर 2026 (05.11.2026 तक): 32 स्टील व 1 काठ की गोलक से अब तक की सबसे बड़ी राशि ₹6,19,02,347/- प्राप्त हुई है।
ठाकुर बांकेबिहारी के चरणों में भक्तों द्वारा अर्पित की जाने वाली यह श्रद्धा राशि मंदिर और यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं की व्यवस्थाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।



