तुनिषा को अस्पताल लाया गया तो कैसी थी हालत, शरीर पर थे कैसे निशान?
मुंबई। टीवी एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा का मुंबई के मीरा रोड स्थित श्मशान घाट पर को अंतिम संस्कार किया गया। 21 वर्षीय टीवी एक्ट्रेस की मौत के बाद से उनके परिवार में मातम छाया है। इस बीच तुनिषा के आखिरी पलों को दिखाता एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
यह वीडियो तुनिषा द्वारा आत्महत्या के बाद का है, जिसमें उनके एक्स बॉयफ्रेंड और टीवी सीरियल अली ‘अली बाबाः दास्तान-ए-काबुल’ के सह कलाकार शीज़ान खान दो अन्य लोगों के साथ तुनिषा को अस्पताल ले जाते दिख रहे हैं। इस बीच उस एफ एण्ड बी अस्तपाल के मालिक डॉ. सुरेंद्र पाल से बातचीत की, जहां तुनिषा को आखिरी वक्त लाया गया था।
अस्पताल के मालिक डॉ. पाल ने बताया कि 24 दिसंबर को शाम करीब 4.15 बजे तुनिषा को अस्पताल लाया गया था। उन्होंने बताया, ‘हमने तुनिषा की जांच की तो पता चला उसकी सांसें पहले ही थम चुकी थी। हमने उसका ईसीजी भी किया, लेकिन अस्पताल लाए जाने से करीब 40 मिनट पहले ही उसकी मौत हो गई थी.’ डॉ. पाल बताते हैं कि इसके बाद अस्पताल के लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसने आकर बॉडी को कब्जे में ले लिया। वहीं तुनिषा को अस्पताल लेकर कौन आया था, इस सवाल पर डॉ. सुरेंद्र पाल ने बताया कि तुनिषा के साथ कुल 4 लोग आए थे। उनमें से सबसे पहले एक शख्स ने हमें आकर इमरजेंसी केस होने की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया, ‘तुनिषा के साथ शीजान भी आया था। उसे जब हमने तुनिषा की मौत होने की जानकारी दी तो सुनते ही वह बाहर सीढ़ियों के पास जाकर खड़ा हो गया।’
तुनिषा के शव पर मौजूद निशानों को लेकर सवाल पर डॉ. पाल ने बताया कि उसके गले पर फांसी लगाने के बाद के ही निशान थे। इसके अलावा शरीर पर कोई और निशान नहीं था।



