यमुना किनारे विकसित होगा नेचर वॉक
वृंदावन से गोकुल तक 50 करोड़ की लागत से यमुना किनारे विकसित होगा नेचर वॉक
- - श्रीबांकेबिहारी कॉरिडोर निर्माण के साथ ही भगवान श्रीकृष्ण की जन्म और लीला स्थली को प्राकृतिक सौंदर्य प्रदान करने की योजना
- - 17 किलोमीटर लंबे यमुना किनारे नेचर वॉक से जुड़ेंगे मथुरा वृंदावन और गोकुल
मथुरा। वृंदावन में कॉरिडोर निर्माण के साथ ही योगी सरकार ने भगवान श्रीकृष्ण की जन्म और लीला स्थली को प्राकृतिक सौंदर्य प्रदान करने की भी तैयारी कर ली है। इसके लिए वृंदावन से लेकर गोकुल तक यमुना किनारे नेचर वॉक विकसित करने की योजना है। 17 किलोमीटर लम्बी इस परियोजना पर 50 करोड़ की लागत आएगी।
भगवान श्रीकृष्ण की जन्म स्थली मथुरा है तो वृंदावन लीला भूमि है। ये पवित्र भूमि सदियों से करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का केंद्र हैं। वर्तमान में मथुरा-वृंदावन एक ऐतिहासिक परिवर्तन के दौर से गुजर रहे हैं। धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व वाले इस क्षेत्र में, आधुनिक विकास और बुनियादी ढांचे में सुधार के साथ, प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को ध्यान रखते हुए व्यापक कार्य किए जा रहे हैं।
डीएम ने बताया कि प्रशासन ने भगवान श्रीकृष्ण की लीला भूमि वृंदावन को जन्मस्थली मथुरा और गांव गोकुल तक जोड़ते हुए नेचर वॉक विकसित करने की योजना बनाई है। वृंदावन से गोकुल तक की यह दूरी 17 किलोमीटर है, जहाँ नेचर वॉक का विकास यमुना किनारे होगा।
डीएम ने बताया कि नेचर वॉक परियोजना के अंतर्गत देशी प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे, जो कृष्ण कालीन होंगे। यमुना तट पर इस वृक्षावली के बीच 2 मीटर चौड़ा पैदल पथ का निर्माण भी किया जाएगा। इसमें जगह - जगह पर प्रकाश, पेयजल और टॉयलेट की व्यवस्था होगी। बैठने के लिए ब्रेंच भी लगाई जाएंगी। गोकुल से वृंदावन के मध्य यमुना किनारे नेचर वॉक विकसित करने की योजना ईको पर्यटन की दृष्टि से अमल में लाई जा रही है।
डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि 50 करोड़ की इस परियोजना पर उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और वन विभाग द्वारा कार्य किया जाएगा। वृंदावन से गोकुल तक नेचर वॉक विकसित होने के बाद इस आध्यात्मिक और ऐतिहासित स्थली की प्राकृतिक सौंदर्यता में और निखार आ जाएगा।



