'पहले दंगे और उपद्रव, अब उत्सव से है यूपी की पहचान': सीएम योगी, 1051 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात

  • Thursday September 03 2026 - 05:48 PM
  •  

वृंदावन। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश कभी दंगों और उपद्रवियों के लिए जाना जाता था, लेकिन आज यह अपनी सुरक्षा, शांति और उत्सवों के लिए जाना जाता है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री ने ब्रज क्षेत्र को ₹1,051 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने सपेरा समुदाय के लोगों को आवासीय पट्टे और भवन की चाबियां भी सौंपीं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पवन हंस हेलीपैड पर आगमन के बाद स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह पहुंचकर लोकार्पण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ हनुमान प्रसाद धानुका विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रगीत से हुआ। इसके बाद ब्रज के कलाकारों ने राधा-कृष्ण की लीलाओं का मनमोहक मंचन किया। समारोह में गुजरात के गरबा और ब्रज के प्रसिद्ध मयूर नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां भी दी गईं।

मथुरावसियों को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर सौगात: सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे 1,051 करोड़ की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास

भगवान श्रीकृष्ण की पावन जन्मस्थली मथुरा में साधु-संतों की उपस्थिति में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा स्वामी श्री हरिदास प्रेक्षागृह सहित कुल ₹1,051 करोड़ की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 तथा मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 7,240 लाभार्थियों को कुल ₹72 करोड़ से अधिक की सहायता राशि का वितरण भी की गई। साथ ही, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, ट्रैक्टर की चाबियां और चेक बांटे।

श्रीस्वामी हरिदास प्रेक्षागृह में संबोधित करते प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

 

परियोजनाओं का विवरण:

  • कुल बजट: ₹1,051 करोड़
  • कुल परियोजनाएं: 229
  • लोकार्पण: ₹540 करोड़ से अधिक लागत की 62 परियोजनाएं
  • शिलान्यास: ₹437 करोड़ से अधिक लागत की 167 परियोजनाएं
  • आवास योजना सहायता: ₹72 करोड़ से अधिक (7,240 लाभार्थी)

लोकार्पण की गई प्रमुख परियोजनाएं:

  • ₹251 करोड़+ : यमुना एक्सप्रेसवे से वृन्दावन तक 4 लेन मार्ग का निर्माण एवं मार्ग निर्माण के संरेखण में आ रही यमुना नदी पर 2 लेन सेतु का निर्माण।
  • ₹47 करोड़+ : मथुरा की पुलिस लाइन परिसर में ट्रांजिट हॉस्टल (जी+12) 4 ब्लॉक का निर्माण।
  • ₹31 करोड़+ : विश्व बैंक सहायतायित उत्तर प्रदेश प्रो-पुअर पर्यटन विकास परियोजना के अंतर्गत वृन्दावन में सी.एल.टी. सेंटर का निर्माण एवं विकास कार्य।

शिलान्यास वाली प्रमुख परियोजनाएं:

  • ₹86 करोड़+ : छाता क्षेत्र के अंतर्गत 30 मी. चौड़ी मास्टर प्लान रोड का निर्माण कार्य।
  • ₹44 करोड़+ : मथुरा-वृन्दावन मार्ग से यमुना एक्सप्रेसवे लिंक रोड तिराहे पर 2 लेन फ्लाई ओवर का निर्माण कार्य।
  • ₹35 करोड़+ : छटीकरा-वृन्दावन मार्ग का सौंदर्यीकरण।

संतों का सम्मान और अन्नप्राशन

लोकार्पण से पूर्व मुख्यमंत्री ने भगवान कृष्ण के स्वरूप में सजे-धजे नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन कराकर उन्हें उपहार भेंट किए। इसके साथ ही उन्होंने ब्रज के प्रमुख संतों—फूलडोल बिहारी दास महाराज, महंत सुतीक्ष्ण दास, महंत सनतकुमार शरण महाराज, स्वामी रामदेवानंद सरस्वती और संत बलराम दास का स्वागत व अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान 321 सपेरा समाज के लाभार्थियों को भवन आवंटन पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

ब्रज में तेजी से बदल रही विकास की तस्वीर: श्रीकांत शर्मा

पूर्व मंत्री व विधायक श्रीकांत शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि ब्रज से लेकर गोरखपुर तक सतत विकास हो रहा है। उन्होंने कहा, "योगी बाबा आयो है, एक हजार इक्यावन करोड़ रूपैया लायौ है।" वर्ष 2017 से पहले ब्रज की स्थिति जर्जर थी, लेकिन केंद्र में नरेंद्र मोदी और राज्य में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व से क्षेत्र का कायाकल्प हुआ है।

उन्होंने बताया कि पूर्व में यमुना में गिरने वाले मथुरा के 36 में से 32 नालों को बंद कर दिया गया है और शेष 4 नाले भी अक्टूबर तक पूरी तरह बंद हो जाएंगे। साथ ही सूरदास ब्रजभाषा अकादमी की स्थापना और ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग पर पड़ाव स्थलों के निर्माण का कार्य तेजी से जारी है।

विश्वभर के कलाकारों को मिलेगा नया मंच: हेमा मालिनी

सांसद हेमा मालिनी ने 'राधे-राधे' के संबोधन के साथ प्रेक्षागृह को ब्रज की कला, संगीत, नृत्य और साहित्य का जीवंत प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रेक्षागृह स्थानीय प्रतिभाओं को बड़ा मंच प्रदान करेगा और आने वाले समय में विश्वभर के कलाकार यहां अपनी प्रस्तुतियां देंगे। यह केंद्र ब्रज की महान परंपरा और भाषा को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सन्दीप सिंह, सांसद हेमा मालिनी, महापौर विनोद अग्रवाल, जिला पंचायत प्रशासक किशन चौधरी, राज्यसभा सदस्य तेजवीर सिंह एवं गीता शाक्य सहित क्षेत्रीय विधायक व जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहेंगे। और उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र उपस्थित रहे।