संत प्रेमानंद महाराज को हंसाने वाले 'जोजो-जॉनी' वृंदावन से चोरी, सामान समेटकर भागा ई-रिक्शा चालक

  • Saturday June 06 2026 - 01:20 AM
  •  

वृंदावन। कान्हा की नगरी वृंदावन से एक बेहद हैरान और भावुक करने देने वाला मामला सामने आया है। प्रख्यात संत प्रेमानंद महाराज को अपनी कला से हंसाने वाले मशहूर शो-पात्र (पपेट्स) 'जोजो' और 'जॉनी' चोरी हो गए हैं। एक ई-रिक्शा चालक जयपुर के मशहूर वेंट्रिलोक्विस्ट (कठपुतली कलाकार) का पूरा सामान लेकर रफूचक्कर हो गया। अपने इन निर्जीव साथियों (जिन्हें वह अपनी जान मानते हैं) के खो जाने से कलाकार बेहद सदमे में है और उनकी तलाश में वृंदावन की गलियों में भटक रहा है।

प्रेम मंदिर के पास हुई वारदात

जानकारी के अनुसार, जयपुर निवासी जाने-माने कलाकार राहुल मिश्रा अपने साथियों के साथ वृंदावन परिक्रमा करने आए थे। परिक्रमा पूरी करने के बाद वे प्रेम मंदिर के पास स्थित सुखधाम गेस्ट हाउस में कमरा देखने रुके। इस दौरान उनका सारा सामान एक ई-रिक्शा में ही रखा हुआ था। राहुल जब गेस्ट हाउस (आश्रम) के अंदर बातचीत करने गए, तभी मौका पाकर ई-रिक्शा चालक उनका पूरा सामान समेटकर वहां से फरार हो गया।

"वो दोनों मेरी जान हैं..." 

"वो दोनों मेरी जान हैं..." – कलाकार की भावुक अपील

पीड़ित राहुल मिश्रा ने बताया कि चोरी गए बैग में उनके दो सबसे मुख्य शो-पात्र 'जोजो' और 'जॉनी' थे। राहुल ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक वीडियो जारी कर अपील की है कि "जोजो और जॉनी सिर्फ कठपुतलियां नहीं, बल्कि मेरी जान हैं। इनके दम पर ही मैं देश के अलग-अलग राज्यों में मंचीय प्रस्तुतियां देता हूं। जो कोई भी उन्हें ले गया है, प्लीज उन्हें वापस कर दे।"

गौरतलब है कि कुछ समय पहले राहुल ने इन्हीं जोजो और जॉनी के माध्यम से संत प्रेमानंद महाराज के सामने एक सुंदर प्रस्तुति दी थी, जिसे देखकर महाराज जी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए थे। वह वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हुआ था।

पुलिस जांच में जुटी, खंगाले जा रहे हैं CCTV

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई है। इस मामले पर सीओ सदर पीपी सिंह ने बताया कि पीड़ित कलाकार राहुल मिश्रा पुलिस के संपर्क में हैं। मामले की एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीमें प्रेम मंदिर और सुखधाम गेस्ट हाउस के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि ई-रिक्शा चालक की पहचान कर शो-पात्रों को जल्द से जल्द बरामद किया जा सके।