जैसलमेर में सेना का मिग-21 विमान हुआ क्रैश, डेजर्ट नेशनल पार्क में हुआ हादसा, पायलट की मौत

  • Friday December 24 2021 - 11:23 PM
  •  

जैसलमेर। जैसलमेर में शुक्रवार शाम वायुसेना का मिग-21 विमान क्रैश हो गया। घटना सम थाना क्षेत्र के बीदा गांव की बताई जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक गोडावण ब्रीडिंग सेंटर सुदासरी के पास विमान क्रैश हुआ है। हादसे में पायलट की मौत हो गई। जिला कलेक्टर आशीष मोदी सहित प्रशासन, पुलिस और सिविल डिफेन्स की टीमें मौके के लिए रवाना हो चुकी हैं। बिदा गांव सम सेंड ड्यून्स से लगभग 16 किमी दूर है।

सूत्रों के मुताबिक जिस जगह फाइटर जेट गिरा है, वह पाकिस्तान बॉर्डर के समीप है। जानकारी के मुताबिक यह एरिया सुदासरी डेजर्ट नेशनल पार्क में है। यह एरिया मिलिट्री के कंट्रोल में है। इसलिए वहां किसी को जाने नहीं दिया जा रहा है। विमान लगभग साढ़े आठ बजे क्रैश हुआ। विमान अपनी नियमित उड़ान पर था। हादसे की जगह जैसलमेर से करीब 70 किमी दूर है।

गौरतलब है कि इससे पहले अगस्त 2021 में भी बाड़मेर में एक मिग-21 विमान क्रैश हुआ था। रूस और चीन के बाद भारत सबसे बड़ा ऑपरेटर रूस और चीन के बाद भारत मिग-21 का तीसरा सबसे बड़ा ऑपरेटर है। 1964 में इस विमान को पहले सुपरसोनिक फाइटर जेट के रूप में एयरफोर्स में शामिल किया गया था। शुरुआती जेट रूस में बने थे और फिर भारत ने इस विमान को असेम्बल करने का अधिकार और तकनीक भी हासिल कर ली थी। तब से अब तक मिग-21 ने 1971 के भारत-पाक युद्ध, 1999 के कारगिल युद्ध समेत कई मौकों पर अहम भूमिका निभाई है. रूस ने तो 1985 में इस विमान का निर्माण बंद कर दिया, लेकिन भारत इसके अपग्रेडेड वैरिएंट का इस्तेमाल करता रहा है।